तेलंगाना विधानसभा के बजट सत्र के हंगामेदार होने की संभावना

0
1941761-telangana-assembly

हैदराबाद, 15 मार्च (भाषा) तेलंगाना में सोमवार से शुरू हो रहे राज्य विधानसभा के बजट सत्र में कांग्रेस सरकार के चुनावी वादों एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों के कार्यान्वयन तथा मूसी नदी के प्रस्तावित पुनरुद्धार एवं अन्य मुद्दों पर तीखी चर्चा होने की संभावना है।

नव नियुक्त राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल के संबोधन से सत्र की शुरुआत होगी।

बजट के साथ ही सत्तारूढ़ कांग्रेस के चुनावी वादे और अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों पर भी प्रमुखता से चर्चा होने की संभावना है। सरकार पांच साल के कार्यकाल के ढाई वर्ष पूरा करने के करीब है।

भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के. टी. रामाराव ने कहा था कि उनकी पार्टी बजट सत्र के दौरान एक निजी सदस्य विधेयक पेश करेगी ताकि ‘‘कांग्रेस के विश्वासघात को उजागर किया जा सके और चुनाव के दौरान किए गए छह वादों के लिए कानूनी समर्थन की मांग की जा सके’’।

संभावना है कि सरकार अपनी उन सफलताओं को उजागर करेगी जिनमें राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, गरीबों के लिए 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर आदि शामिल हैं।

बीआरएस नेताओं ने पिछले सप्ताह शहर के बाहरी इलाके में हुई एक बैठक में सरकार द्वारा अपने वादों को पूरा करने में कथित तौर पर असफल रहने को ‘‘उजागर’’ करने और सत्ता की विफलताओं से संबंधित मुद्दों को सदन में उठाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *