प्राग (चेक गणराज्य) दो मार्च (भाषा) विश्व चैंपियन डी गुकेश अच्छी स्थिति में होने के बावजूद प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव में नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से हार गए।
एक महीने पहले भी टाटा स्टील मास्टर्स के दौरान अच्छी स्थिति में होने के बावजूद गुकेश अब्दुसत्तोरोव से हार गए थे। लेकिन यहां पांचवें दौर की बाजी में एक समय ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से जीत हासिल कर लेंगे।
काले मोहरों से खेलते हुए उन्होंने अच्छा खेल दिखाया लेकिन समय की कमी के कारण आखिर में उन्हें अंक गंवाना पड़ा।
इस बीच नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर जॉर्डन वैन फोरस्ट ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा, जो पांच मैचों में अपनी चौथी जीत के बाद लाइव रेटिंग में विश्व रैंकिंग में 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पांचवें दौर में अमेरिका के हैंस मोके नीमन को हराया।
भारत के मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम को पांच मैचों में अपनी तीसरी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो ने हराया।
स्थानीय खिलाड़ी डेविड नवारा ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोव को जबकि ईरान के परहम मगसूदलू ने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराया।
चैलेंजर्स वर्ग में विश्व महिला कप विजेता दिव्या देशमुख ने साथी भारतीय खिलाड़ी सूर्य शेखर गांगुली को हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।