अमित शाह तृणमूल के खिलाफ भाजपा के आरोपों का संकलन जारी करेंगे

0
amit-shah-west-bengal-visit-1774508960

कोलकाता, 27 मार्च (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले शनिवार को तृणमूल कांग्रेस नीत सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आरोपों का संकलन जारी करेंगे। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी।

अभियोगनामा नामक इस दस्तावेज में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 15 साल के कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार और कुशासन के कथित मामलों का संकलन किया गया है।

भाजपा नेता ने कहा कि अभियोगनामा में तृणमूल सरकार की 14 क्षेत्रों में कथित ‘‘विफलताओं’’ को उजागर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन में भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था का चरमराना, महिलाओं की सुरक्षा संबंधी चिंताएं, ‘सिंडिकेट राज’ का बोलबाला और स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र में संकट से संबंधित आरोप अभियोगनामा में प्रमुखता से शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा अभियोगनामा का इस्तेमाल तृणमूल कांग्रेस की कथित कमियों को उजागर करने और उसके बाद अपने संकल्प पत्र में विकल्प प्रस्तुत करने की योजना बना रही है, जिसे अप्रैल के पहले सप्ताह में जारी किए जाने की संभावना है।

शाह ने पिछले दो महीनों में पश्चिम बंगाल के कई दौरे किए हैं, जिसमें उन्होंने पार्टी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने और चुनावी रणनीतियों को बेहतर बनाने के लिए संगठनात्मक बैठकों, रैलियों और परिवर्तन यात्रा सहित जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया है।

पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए दो चरण में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को मतदान होगा एवं चार मई को मतगणना होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *