लंदन जा रही एअर इंडिया की उड़ान तकनीकी समस्या के कारण वापस दिल्ली लौटी

0
sde2333frfe

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) लंदन के हीथ्रो के लिए उड़ान भर रही एयर इंडिया की ए350 विमान तकनीकी समस्या के कारण लगभग सात घंटे हवा में रहने के बाद वृहस्पतिवार की दोपहर वापस दिल्ली लौट आई।

यह उड़ान सुबह छह बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और दोपहर 12.30 बजे वापस उतरी।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि एआई111 विमान को तकनीकी समस्या के संदेह के कारण सुरक्षित रूप से वापस दिल्ली मोड़ लिया गया।

उन्होंने कहा, “विमान सुरक्षित रूप से उतरा और विमानन कंपनी के उच्च सुरक्षा मानकों के अनुसार इसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, जिसे पूरा होने में समय लगेगा।”

प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया और कहा कि विमानन कंपनी यात्रियों की लंदन यात्रा को जल्द पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

हालांकि, विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

‘फ्लाइटरडार24.कॉम’ वेबसाइट के अनुसार, एआई111 जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था तभी इसे मोड़ने का निर्णय लिया गया, इससे पहले यह लगभग चार घंटे तक हवा में रहा।

वहीं, इसी ए350-900 विमान (वीटी-जेआरएफ) को 15 मार्च को भी तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही उड़ान को आयरलैंड के शैनन की ओर मोड़ दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *