अन्नाद्रमुक जल्द ही सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू करेगी: पलानीस्वामी

0
sdcfr32weds

नयी दिल्ली/चेन्नई, तीन मार्च (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के प्रमुख एडप्पाडी के. पलानीस्वामी ने मंगलवार को कहा कि पार्टी जल्द ही अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करेगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य में अन्नाद्रमुक की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व को लेकर असमंजस की स्थिति नहीं है।

राज्य में राजग के नेतृत्व को लेकर मीडिया में अटकलें लगाई जा रही थीं।

उन्होंने कहा कि केवल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन में ही भ्रम की स्थिति प्रतीत होती है और यह निश्चित नहीं है कि कांग्रेस गठबंधन में बनी रहेगी या नहीं।

अन्नाद्रमुक के महासचिव पलानीस्वामी ने चेन्नई रवाना होने से पहले राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने तमिलनाडु में गठबंधन बनाया है और पार्टी के नेतृत्व वाला राजग आगामी विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करेगा तथा अन्नाद्रमुक सरकार बनाएगी।’’

उन्होंने दो मार्च को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी तथा तमिलनाडु की राजनीतिक स्थिति और मिल कर चुनाव लड़ने के बारे में चर्चा की थी।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘हम अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू करेंगे’’। साथ ही उन्होंने कहा कि जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है।

जब उनसे पूछा गया कि क्या कोई नई पार्टी राजग में शामिल होगी, तो पूर्व मुख्यमंत्री ने जवाब दिया, “कुछ पार्टियों के जल्द ही शामिल होने की संभावना है। हम अभी बातचीत कर रहे हैं।”

निष्कासित नेता वी. के. शशिकला द्वारा घोषित पार्टी के शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘‘इस पर कोई चर्चा नहीं हुई।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *