तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) यूडीएफ संयोजक और कांग्रेस सांसद अडूर प्रकाश ने शुक्रवार को कहा कि पथनमथिट्टा जिले के कन्नी के लोग चाहते हैं कि वह विधानसभा चुनाव लड़ें, लेकिन वह सांसदों को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार नहीं बनाने के पार्टी के फैसले का सम्मान करते हैं।
पत्रकारों से बात करते हुए प्रकाश ने कहा कि उन्होंने विधायक के रूप में 23 साल तक कोन्नी का प्रतिनिधित्व किया है।
उन्होंने कहा कि बाद में उन्होंने पार्टी के निर्देशानुसार अटिंगल से लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
प्रकाश ने कहा, “कोन्नी के लोगों ने मुझसे बार-बार विधानसभा चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। मैंने राष्ट्रीय नेतृत्व से सांसदों को छूट मिलने की शर्त पर अपनी इच्छा जताई थी। लेकिन हम एआईसीसी के निर्णय को स्वीकार करते हैं कि सांसद चुनाव नहीं लड़ेंगे।”
उन्होंने कहा कि उनका कोन्नी के लोगों के साथ गहरा नाता है, जो राजनीतिक विचारधाराओं से ऊपर है।
कांग्रेस राज्य की 140 विधानसभा सीट में से 92 सीट पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 17 मार्च को 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जबकि बाकी 37 उम्मीदवारों की दूसरी सूची बृहस्पतिवार को जारी की।
केरल में मतदान नौ अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।