उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था के नए युग में प्रवेश कर चुका है: आदित्यनाथ

0
1773827433-5352

लखनऊ, 18 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि राज्य अब “कानून-व्यवस्था के एक नए युग” में प्रवेश कर चुका है और भय, तनाव, अराजकता व दंगों का खतरा अब अतीत की बात बन चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार के नौ साल पूरे होने पर यहां लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।

उन्होंने कहा कि राज्य में सुरक्षा वातावरण में सुधार के कारण अब प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं।

उन्होंने कहा, “पहले त्योहारों के दौरान अक्सर भय, तनाव और कर्फ्यू का सामना करना पड़ता था। आज, नवरात्रि और रमजान जैसे त्योहारों को एकता और सम्मान के साथ मनाया जा रहा है।”

उन्होंने कहा कि अलविदा जुमे की नमाज और ईद जैसे मौकों पर भी शांति व्यवस्था कायम है।

आदित्यनाथ ने ‘नव निर्माण के नौ वर्ष’ नामक पुस्तक का विमोचन करते हुए यह टिप्पणी की। इस पुस्तक में उनकी सरकार की पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था में यह परिवर्तन सरकार की नीयत, नीतियों और निरंतर प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि लोग अब नए साल और अन्य अवसरों पर भी धार्मिक स्थलों पर स्वतंत्र रूप से जाते हैं, जो सुरक्षा व सामाजिक विश्वास की मजबूत भावना को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *