पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक महीने में 36 आतंकवादी गिरफ्तार

0
67cdf2976dc5d-pakistan-police-pak-force-095705753-16x9

लाहौर, 28 मार्च (भाषा) पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पिछले एक महीने के दौरान विभिन्न संगठनों से जुड़े 36 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।

पंजाब के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों में प्रतिबंधित आतंकवादी समूह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के सदस्य भी शामिल हैं, जिन्होंने प्रांत के विभिन्न शहरों में महत्वपूर्ण इमारतों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी।

बयान के मुताबिक, ‘‘ फैसलाबाद और झेलम में बड़े आतंकी हमलों को नाकाम कर दिया गया, जब तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के दो खतरनाक आतंकवादियों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए।’’

सीटीडी ने विभिन्न जिलों में खुफिया जानकारी के आधार पर 366 अभियान चलाए, 338 संदिग्धों से पूछताछ की और 36 आतंकवादियों को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार, विस्फोटक और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की।

इसमें कहा गया है कि आतंकवादियों के कब्जे से 6,262 ग्राम विस्फोटक, 34 डेटोनेटर, 34 फुट फ्यूज तार, पांच आईईडी बम और प्रतिबंधित साहित्य आदि बरामद किए गए हैं।

सीटीडी ने बताया कि गिरफ्तार आतंकवादियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं और विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *