दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों का आखिरी जत्था भी स्वदेश रवाना

0
sr5e

दुबई, 12 मार्च (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने गुरुवार को बताया कि टी20 विश्व कप के बाद भारत में फंसे दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों का आखिरी जत्था भी स्वदेश रवाना हो गया है, जिससे पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण खाड़ी देशों के हवाई क्षेत्र के बंद होने से पैदा हुई परेशानी खत्म हो गई।

खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण भारत में टी20 विश्व कप खेलने के लिए आई टीमों का कार्यक्रम अस्त-व्यस्त हो गया। इससे दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज की टीम कोलकाता में फंस गई क्योंकि दुबई जैसे प्रमुख हवाई अड्डे और हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया गया था।

वेस्टइंडीज और दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप के अपने अंतिम मैच क्रमशः एक मार्च और चार मार्च को कोलकाता में खेले थे।

वेस्टइंडीज के नौ खिलाड़ी इस सप्ताह की शुरुआत में ही स्वदेश रवाना हो गए थे, जबकि बाकी बचे 16 खिलाड़ियों के लिए वाणिज्यिक उड़ानों की बुकिंग हो चुकी थी। दक्षिण अफ्रीका की टीम के 29 सदस्य भी स्वदेश रवाना हो गए हैं।

आईसीसी ने बयान में कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों के अंदर दक्षिण अफ्रीका की टीम के बाकी बचे 29 सदस्य और वेस्टइंडीज की टीम के अंतिम 16 सदस्य अपने-अपने देशों के लिए रवाना हो गए हैं, जिससे असाधारण रूप से चुनौतीपूर्ण वैश्विक यात्रा परिस्थितियों के कारण पैदा हुए एक जटिल अभियान का अंत हो गया है।’’

विश्व क्रिकेट की सर्वोच्च संस्था ने कहा, ‘‘हमारा एकमात्र लक्ष्य सभी खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना था। इस दौरान परिस्थितियों के अनुसार कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा लेकिन आईसीसी ने परिचालन संबंधी बाधाओं से निपटने के लिए सरकारों, एयरलाइनों, चार्टड विमान प्रदाताओं, हवाई अड्डा प्राधिकरणों और सदस्य बोर्डों के साथ मिलकर लगातार काम किया।’’

आईसीसी को इससे पहले खिलाड़ियों के लिए यात्रा व्यवस्था नहीं करने के कारण इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन तथा दक्षिण अफ्रीका के स्टार खिलाड़ी क्विंटन डीकॉक और डेविड मिलर की आलोचना का सामना करना पड़ा था। मिलर ने संकेत दिया था कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों को बेहतर यात्रा व्यवस्था दी गई थी क्योंकि वे सेमीफाइनल से बाहर होने के एक दिन के अंदर ही स्वदेश रवाना हो गए थे।

इससे पहले वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने भी आईसीसी से किसी तरह का अपडेट नहीं मिलने पर निराशा व्यक्त की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *