जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर, बेन कुरेन लेंगे उनकी जगह

0
asdwertefds

कोलंबो, 13 फरवरी (भाषा) जिम्बाब्वे के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर एक ग्रुप मैच के दौरान लगी चोट के कारण टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह टीम में बेन कुरेन को शामिल किया गया।

चालीस वर्षीय टेलर नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ खेले गए मैच में चोटिल होने के कारण मैदान से लंगड़ाते हुए बाहर चले गए थे। जिम्बाब्वे ने यह मैच आठ विकेट से जीता था।

जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुक्रवार को मैच से पहले टॉस के दौरान कप्तान सिकंदर रजा ने कहा, ‘‘ब्रेंडन टेलर को चोट लग गई है और वह टूर्नामेंट में आगे नहीं खेल पाएंगे। ’’

आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 की टूर्नामेंट की तकनीकी समिति ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम के भाई शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बेन कुरेन को टेलर की जगह लेने की मंजूरी दी।

आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘नौ फरवरी को ओमान के खिलाफ मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में चोट लगने के बाद टेलर के बाहर होने पर बेन कुरेन को उनकी जगह चुना गया। ’’

किसी खिलाड़ी की जगह लेने के लिए हालांकि टूर्नामेंट की तकनीकी समिति की मंजूरी जरूरी है, इसके बाद ही आधिकारिक रूप से उसकी जगह दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल किया जा सकता है।

जिम्बाब्वे जब ओमान के खिलाफ लक्ष्य का पीछा कर रहा था तो टेलर को विकेटों के बीच दौड़ लगाने में परेशानी हो रही थी। उन्होंने जब 30 गेंद पर 31 रन बनाए थे तब उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौटना पड़ा था।

तेज गेंदबाज रिचर्ड नगारवा भी एहतियात के तौर पर शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में नहीं खेले।

रजा ने कहा, ‘‘रिचर्ड नगारवा को एहतियाती तौर पर विश्राम दिया गया है। वह आज भी नहीं खेलेंगे।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *