आयरलैंड पर जीत दर्ज करके सुपर आठ की उम्मीद जीवंत रखने उतरेगा जिम्बाब्वे
Focus News 16 February 2026 0
पल्लीकल (श्रीलंका), 16 फरवरी (भाषा) पूर्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर शानदार जीत के बाद जोश से भरी जिम्बाब्वे की टीम मंगलवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप में आयरलैंड के खिलाफ अपनी लय बरकरार रखकर पहली बार सुपर आठ में जगह बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहेगी।
आयरलैंड पर जीत से जिम्बाब्वे के छह अंक हो जाएंगे लेकिन तब भी उसकी ग्रुप बी से सुपर आठ में जगह पक्की नहीं होगी। ऑस्ट्रेलिया (दो मैचों में दो अंक) और श्रीलंका (दो मैचों में चार अंक) अब भी छह अंक तक पहुंच सकते हैं। उस स्थिति में नेट रन रेट निर्णायक होगा।
जिम्बाब्वे अपना आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को कोलंबो में मेजबान श्रीलंका के खिलाफ खेलेगा।
अगर जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंच जाता है तो यह सात प्रयासों में पहली बार होगा जब उसकी टीम इस चरण में जगह बनाएगी।
टूर्नामेंट में अब तक जिम्बाब्वे का प्रदर्शन शानदार रहा है। उसके तीन तेज गेंदबाजों रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस ने कोलंबो में खेले गए अपने पहले मैच में तीन तीन विकेट लेकर ओमान को केवल 103 रन पर आउट कर दिया था।
ब्रायन बेनेट (48 नाबाद) की अगुवाई में उसके बल्लेबाजों को आठ विकेट से जीत हासिल करने के लिए केवल 13.3 ओवरों की जरूरत पड़ी।
इसके बाद जिम्बाब्वे टूर्नामेंट में दिग्गज टीमों को हराने वाली टीम के रूप में उभरी। उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो विकेट पर 169 रन बनाए और फिर विपक्षी टीम को सिर्फ 146 रन पर आउट कर 23 रन से जीत हासिल की।
ओपनर बेनेट ने एक बार फिर बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए नाबाद 64 रन बनाए, जबकि मुजरबानी और इवांस ने क्रमशः चार और तीन विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन किया।
चोटों से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया की टीम इस टूर्नामेंट में कमजोर नजर आ रही है, लेकिन उसके जैसी शीर्ष टीम को हराने से जिम्बाब्वे को आयरलैंड के खिलाफ होने वाले मैच से पहले एक बड़ा मनोवैज्ञानिक लाभ मिलेगा।
टीम प्रबंधन बेनेट से उम्मीद करेगा कि वे अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखें। सलामी बल्लेबाज तादिवानाशे मारुमानी, रयान बर्ल और कप्तान सिकंदर रजा जैसे अन्य बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में अच्छा प्रदर्शन किया था और वे आयरलैंड के खिलाफ मैच में भी उसी लय को बनाए रखना चाहेंगे।
दूसरी ओर आयरलैंड ओमान पर आसान जीत के बाद इस मैच में उतरेगा। मेजबान श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने शुरुआती दो मैच हारने के बाद वह टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करना चाहेगा।
जिम्बाब्वे की तुलना में आयरलैंड के लिए दांव पर कुछ खास नहीं लगा है लेकिन वह जीत हासिल करके जिम्बाब्वे के सुपर आठ में जगह बनाने की संभावनाओं को जटिल बना सकता है।
आयरलैंड को शुक्रवार को एक बड़ा झटका लगा क्योंकि उसके कप्तान पॉल स्टर्लिंग दाहिने घुटने में चोट के कारण टी20 विश्व कप के शेष मैचों से बाहर हो गए।
हालांकि कार्यवाहक कप्तान लोरकान टकर ने 51 गेंदों में 94 रन बनाकर आयरलैंड को ओमान के खिलाफ पांच विकेट पर 235 रन तक पहुंचाया। इस मैच में आयरलैंड ने 96 रन से जीत हासिल की।
टीम इस प्रकार हैं:
जिम्बाब्वे: बेन कुरेन, क्लाइव मदांडे, तादिवानाशे मारुमानी, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा, ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ब्रैड इवांस, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ग्रीम क्रेमर, टिनोटेन्डा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा।
आयरलैंड: लोरकान टकर, रॉस एडायर, बेन कैलिट्ज़, हैरी टेक्टर, टिम टेक्टर, सैम टॉपिंग, मार्क एडायर, कर्टिस कैम्फर, गैरेथ डेलानी, जॉर्ज डॉकरेल, मैथ्यू हम्फ्रीज़, जोश लिटिल, बैरी मैकार्थी, बेन व्हाइट, क्रेग यंग।
मैच दोपहर तीन बजे शुरू होगा।
