कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों से दुनिया के नेता प्रभावित हैं: प्रधानमंत्री मोदी

0
sdf2wedew

नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एआई शिखर सम्मेलन ने यह दिखाया कि एआई की मदद से देश में जानवरों के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है तथा किसान अपने पशुधन और डेयरी पर कैसे नजर रख रहे हैं।

मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को संबोधित करते हुए लोगों से ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और ‘डिजिटल अरेस्ट’ के प्रति सतर्क रहने का भी आग्रह किया।

हाल में संपन्न हुए एआई शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि दो उत्पादों ने दुनियाभर के नेताओं को हैरत में डाल दिया – पहला उत्पाद अमूल के बूथ पर था। इसमें बताया गया कि कैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जानवरों का इलाज करने में हमारी मदद कर रही है और कैसे 24 घंटे एआई सहायता की मदद से किसान अपनी डेयरी और जानवर का हिसाब रखते हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरा भारतीय संस्कृति से संबंधित उत्पाद था। उन्होंने कहा, ‘‘ दुनिया भर के नेता ये देखकर हैरत में पड़ गए कि कैसे एआई की मदद से हम हमारे प्राचीन ग्रंथों को, हमारे प्राचीन ज्ञान को, हमारी पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहे हैं, आज की पीढ़ी के अनुरूप उन्हें ढाल रहे हैं।’’

हाल में संपन्न हुए ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट’ शिखर सम्मेलन में कई राष्ट्राध्यक्षों, एआई के क्षेत्र से जुड़े वैश्विक नेताओं, शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं और वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया।

डिजिटल धोखाधड़ी की बढ़ती घटनाओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि जब लोगों को बैंकों से केवाईसी (यानि अपने ग्राहक को जानें) अद्यतन कराने या दोबारा केवाईसी कराने के संदेश मिलते हैं, तो स्वाभाविक रूप से यह सवाल उठता है कि जब यह पहले ही किया जा चुका है तो इसे दोबारा क्यों किया जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मेरा आपसे आग्रह है, झुंझलाइए नहीं, ये आपके पैसे की सुरक्षा के लिए ही है।’’ साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति के बैंक खाते की सुरक्षा के लिए केवाईसी बेहद जरूरी है।

मोदी ने कहा कि भारतीय मूल के कई खिलाड़ी अपने-अपने देशों का नाम रोशन कर रहे हैं और यह बात टी20 विश्व कप में साफ तौर पर दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘कनाडा की टीम में भारतीय मूल के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक है। टीम के कप्तान दिलप्रीत बाजवा का जन्म पंजाब के गुरदासपुर में हुआ था। नवनीत धालीवाल चंडीगढ़ से हैं। इस सूची में हर्ष ठाकर और श्रेयस मोवा जैसे कई नाम शामिल हैं, जो कनाडा और भारत दोनों का गौरव बढ़ा रहे हैं। अमेरिका की टीम में कई चेहरे भारत के घरेलू क्रिकेट से निकले हैं।’’

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता को भी श्रद्धांजलि दी, जिनकी जयंती 24 फरवरी को है।

उन्होंने कहा, ‘‘अम्मा जयललिता जी तमिलनाडु भर के लोगों के दिलों में बसी हैं।’’

मोदी ने सदियों पुरानी मामंगम परंपरा का भी जिक्र किया जिसे अक्सर केरल कुंभ कहा जाता है जो लगभग 250 वर्षों के बाद फिर से जीवंत हो उठी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *