मांड्या में बनेगा विश्वस्तरीय एआरएआई केंद्र: कुमारस्वामी

0
r_1770609911umarswami

मैसूरु (कर्नाटक), नौ फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने कहा है कि उनके लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र मांड्या में करीब 500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से वैश्विक मानकों वाला ‘ऑटोमोटिव रिसर्च एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ (एआरएआई) केंद्र स्थापित किया जाएगा।

कुमारस्वामी ने इसे क्षेत्र के लिए एक बड़ा योगदान और कर्नाटक के ऑटोमोबाइल क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

कुमारस्वामी ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रस्तावित केंद्र के लिए 100 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी और केंद्र ने इसे राज्य सरकार से हासिल करने के लिए कदम उठाए हैं।

भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री ने परियोजना के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, ‘‘मेरी आकांक्षा है कि गुणवत्ता और उत्कृष्टता का यह विश्वस्तरीय केंद्र मांड्या में स्थापित हो।’’

उन्होंने कहा कि उन्होंने इसके लिए भूमि आवंटन का आग्रह करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को पत्र लिखा है।

उन्होंने कहा कि एआरएआई केंद्र के लिए बजट में धन पहले ही निर्धारित किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *