इंफाल आने वाले कुकी समुदाय के लोगों की पूरी जिम्मेदारी हम लेंगे: मणिपुर के मुख्यमंत्री

0
dcfe3wdcwq

इंफाल, नौ फरवरी (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य की राजधानी इंफाल में आने वाले कुकी-जो समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

सिंह ने एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार मेइती बहुल इंफाल में कुकी-जो समुदाय के लोगों को कुछ भी नहीं होने देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘परसों चुराचांदपुर के विधायक वुंगजागिन वाल्टे ने मुझे फोन किया। उन्होंने मुझे बधाई दी और शांति बहाल करने में सहायता करने की बात कही। बाद में उनके बेटे ने मुझे फोन कर वाल्टे के लिए चिकित्सा सहायता मांगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रिम्स (क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान) इंफाल के चिकित्सकों और राज्य स्वास्थ्य विभाग की मदद से चुराचांदपुर में वाल्टे का उपचार किया गया।’’

वाल्टे को रविवार दोपहर इंफाल हवाई अड्डे से एक एयर एम्बुलेंस के जरिए नयी दिल्ली ले जाया गया। सिंह ने हवाई अड्डे पर उनसे मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इसके अलावा, मैं यह भी बताना चाहता हूं कि राज्य सरकार उपचार या अन्य उद्देश्यों से इंफाल आने वाले कुकी-जो समुदाय के हर व्यक्ति की पूरी जिम्मेदारी लेगी। सरकार उन्हें कुछ भी होने नहीं देगी।’’

सिंह ने एक साल के राष्ट्रपति शासन के बाद, पिछले सप्ताह मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

मई 2023 में मेइती और कुकी समुदायों के बीच हिंसा भड़क गई थी। इस जातीय हिंसा में तब से 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *