नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) यूएई के कप्तान मुहम्मद वसीम ने आईसीसी टी20 विश्व कप मैच में सोमवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ पांच विकेट की हार के बाद कहा कि अगर उनकी टीम 15 से 20 रन और बनाती तो मैच जीत सकती थी।
अजमतुल्लाह उमरजई (15 रन पर चार विकेट, नाबाद 40 रन) के ऑलराउंड प्रदर्शन से अफगानिस्तान ने यूएई को नौ विकेट पर 160 रन पर रोकने के बाद 19.2 ओवर में पांच विकेट पर 162 रन बनाकर जीत दर्ज की।
यूएई के लिए शोएब खान ने 48 गेंद में चार छक्कों और छह चौकों से 68 रन की पारी खेलने के अलावा आलीशान शराफू (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 84 रन जोड़कर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।
वसीम ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘अंतिम चार ओवर हमारे पुछल्ले बल्लेबाजों ने खेले। अगर वहां कोई बल्लेबाज होता तो मुझे लगता है कि 15-20 रन और बनते जो टीम को यह मैच जिताने में मदद कर सकते थे।’’
वसीम ने कहा कि शराफू और शोएब की साझेदारी गलत समय पर टूट और मैच के उस मोड़ पर उन्हें मुजीब उर रहमान को विकेट नहीं देना चाहिए था।
कप्तान ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि दो मौके हैं जहां हमने मैच गंवाया। एक बल्लेबाजी टीम के तौर पर और एक गेंदबाजी टीम के तौर पर। मुझे लगता है कि आलीशान गलत समय पर आउट हो गया। वह मुजीब का आखिरी ओवर था और वह विकेट चटकाने आया था।’’
वसीम ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अगर हमने वहां विकेट नहीं गंवाया होता तो हम 10-15 रन और बना लेते। और उसके बाद गेंदबाजी इकाई के तौर पर मुझे लगता है कि हमने दो-तीन बाउंड्री अतिरिक्त दे दी। उन बाउंड्री की वजह से हम मैच हार गए।’’
वसीम ने शोएब की सराहना की जिन्होंने बल्लेबाजी क्रम में ऊपर चौथे स्थान पर खेलते हुए लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ां
उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है। मुझे बहुत खुशी होती है जब वह आर्यांश (शर्मा) के साथ पिछले मैच (कनाडा के खिलाफ 51 रन)जैसा प्रदर्शन करता है। विश्व कप में लगातार दो अर्धशतकउसके लिए बहुत बड़ी उपलब्धित है। मैं उसके प्रदर्शन से खुश हूं और उम्मीद है कि वह अगले मैच में भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’
वसीम ने अफगानिस्तान के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह की भी सराहना की और उन्हें लगता है कि उनके गेंदबाजों ने उन्हें शॉट खेलने के लिए कुछ आसान गेंद दे दीं।
उन्होंने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो वह बहुत अच्छा खिलाड़ी है। बहुत अच्छा ऑलराउंडर है। मैंने एक साक्षात्कार में कहा था कि अगर कोई विश्व स्तरीय ऑलराउंडर देखना चाहता है तो वह उमरजई है। उसने अच्छी गेंदबाजी की और हमेशा अच्छी बल्लेबाजी करता है। मुझे लगता है कि हमने उसे दो-तीन अतिरिक्त ऐसी गेंद दे दी जिन पर बाउंड्री लगी।’’
टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने दो ओवर में ही 13 रन पर दो विकेट गंवा दिए थे और वसीम ने कहा कि शुरुआती ओवरों के बाद पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी हो गई थी।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने टॉस के बाद ही कह दिया था कि शायद गेंद थोड़ी रुककर आएगी। और वही हुआ कि गेंद थोड़ी रुककर आ रही थी। आलीशान और शोएब ने अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। चार या पांच ओवर के बाद विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा हो गया था।’’
अफगानिस्तान के मुख्य कोच जोनाथन ट्रॉट और कप्तान राशिद खान के छोटी टीमों को शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने के अधिक मौके दिए जाने के नजरिए का वसीम ने भी समर्थन किया।
वसीम ने कहा, ‘‘यह सही है। टेस्ट टीमों के खिलाफ हम जितना ज्यादा क्रिकेट खेलने को मिलेगा एसोसिएट टीमें उतना अच्छा प्रदर्शन करेंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी टीम ने पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखलाएं खेली हैं। उन श्रृंखलाओं से लड़कों को काफी आत्मविश्वास मिला है। इसलिए मुझे लगता है कि आईसीसी को टेस्ट खेलने वाले देशों की टीम के साथ एसोसिएट देशों की कुछ श्रृंखलाएं करानी चाहिएं जिससे कि खिलाड़ियों को आत्मविश्वास मिले और वे अच्छा क्रिकेट सीख सकें।’’
