नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) पुरस्कार समारोह में प्रस्तोता के रूप में पदार्पण करने वाली अभिनेत्री आलिया भट्ट ने अपने भाषण की शुरुआत हिंदी में कर दर्शकों को चौंका दिया।
रविवार को लंदन के ‘रॉयल फेस्टिवल हॉल’ में आयोजित समारोह में आलिया ने नॉर्वे के फिल्मकार योआखिम ट्रायर को उनकी फिल्म ‘‘सेंटिमेंटल वैल्यू’’ के लिए गैर-अंग्रेजी भाषा की सर्वश्रेष्ठ फिल्म का बाफ्टा पुरस्कार दिया।
उन्होंने कहा, ‘‘नमस्कार! अगला अवॉर्ड एक ऐसी फिल्म के लिए है, जो अंग्रेजी में नहीं है।”
इसके बाद उन्होंने अंग्रेजी में कहा, “अभी सबटाइटल्स (स्क्रीन पर नीचे लिखी पंक्तियां) देखने की जल्दी मत कीजिए। मैं बस हिंदी में कह रही थी कि अगला अवॉर्ड ऐसी फिल्म के लिए है जो अंग्रेजी भाषा में नहीं है। क्योंकि फिल्म भले अनगिनत भाषाओं में हो, लेकिन हम हमेशा सिनेमा की भाषा का जश्न मनाते हैं। और उस भाषा को हम सहजता से बोलते हैं हैं। और शानदार नामित फिल्में हैं।’’
इसके बाद आलिया ने लिफाफा खोलकर विजेता के नाम की घोषणा की। ऑस्कर में भी कई श्रेणियों में नामित “सेंटिमेंटल वैल्यू” बाफ्टा पुरस्कार जीतने वाली नॉर्वे की पहली फिल्म बनी।
अभिनेत्री ने खास तौर पर तैयार किया गया सिल्वर रंग का गुच्ची ब्रांड का परिधान पहन रखा था और उसके साथ सफेद छोटी शॉल हाथ में ले रखी थी।