चंडीगढ़, 19 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब में कथित तौर पर बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की बृहस्पतिवार को आलोचना करते हुए दावा किया कि 2027 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद राज्य में कोई भी गैंगस्टर नजर नहीं आयेगा और उन्होंने अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का वादा किया।
बिट्टू ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए सवाल उठाया कि क्या वहां कोई यह दावा करेगा कि गैंगस्टर अब भी खुलेआम अपनी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने ये टिप्पणियां पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की जयंती के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कीं।
बिट्टू ने तरन तारन में आम आदमी पार्टी (आप) के एक सरपंच की हाल में हुई हत्या के बारे में पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता व्यक्त की और सुरक्षा बनाये रखने की ‘आप’ सरकार की क्षमता पर संदेह जताया।
उन्होंने कहा कि सरपंच की हत्या का तरीका पंजाब की मौजूदा स्थिति को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह सरकार कोई प्रभावी कार्रवाई कर पायेगी।’’
उन्होंने सवाल किया, ‘‘अपराधियों के लिए शादी के स्थल में घुसकर हत्या करना कैसे संभव है?’’
‘आप’ के सरपंच हरबरिंदर सिंह की बुधवार को तरन तारन जिले में एक शादी समारोह के दौरान दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
यह घटना अमृतसर जिले के वल्टोहा गांव के एक अन्य सरपंच और ‘आप’ के नेता झरमल सिंह की एक शादी समारोह के दौरान गोली मारकर हत्या किए जाने के लगभग एक महीने बाद हुई है।
बिट्टू ने आश्वासन दिया कि जब भाजपा पंजाब में अगली सरकार बनाएगी, तो ‘‘सत्ता संभालने के छह महीने के भीतर, अगर एक भी गोली चलने की आवाज सुनाई देती है, तो हम पूरी जिम्मेदारी लेंगे।’’
राज्य सरकार की आलोचना करते हुए बिट्टू ने आरोप लगाया कि राज्य में हर रोज गोलीबारी की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को समाप्त करने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की प्रशंसा की और कहा कि इसी तरह के दृष्टिकोण से 2027 तक पंजाब में सभी गैंगस्टर का सफाया हो जायेगा।
बिट्टू ने कहा कि बिहार और उत्तर प्रदेश में अब शांतिपूर्ण माहौल है। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या उत्तर प्रदेश में कोई यह दावा कर सकता है कि वहां गैंगस्टर मौजूद हैं या मादक पदार्थों की बिक्री हो रही है? क्या बिहार में कोई यह कह सकता है कि वहां गैंगस्टर मौजूद हैं या मादक पदार्थों की बिक्री बड़े पैमाने पर हो रही है?’’
कांग्रेस की पंजाब इकाई के बारे में पूछे जाने पर बिट्टू ने कहा कि उसने ‘आप’ सरकार के साथ ‘‘समझौता’’ कर लिया है और इस गठबंधन से संभावित सकारात्मक परिणामों के बारे में संदेह व्यक्त किया।