अमेरिकी नाकेबंदी के बीच मेक्सिको की नौसेना के दो राहत पोत क्यूबा पहुंचे
Focus News 13 February 2026 0
हवाना, 13 फरवरी (एपी) अमेरिकी नाकेबंदी से गहराते ऊर्जा संकट के बीच मेक्सिको की नौसेना के दो जहाज मानवीय सहायता सामग्री लेकर क्यूबा पहुंचे।
ये पोत बृहस्पतिवार को ऐसे समय पर क्यूबा पहुंचे जब दो सप्ताह पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा को तेल बेचने या उपलब्ध कराने वाले किसी भी देश पर शुल्क लगाने की धमकी दी थी। इस धमकी के बाद द्वीपीय देश को हाल के दिनों में ऊर्जा बचत करनी पड़ी है।
मेक्सिको सरकार ने बताया कि एक जहाज में लगभग 536 टन खाद्य सामग्री के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता सामग्री शामिल है। खाद्य सामग्री में दूध, चावल, बीन्स, सार्डिन, मांस उत्पाद, बिस्कुट, डिब्बाबंद टूना और वनस्पति तेल आदि हैं। दूसरे जहाज में 277 टन से अधिक दूध पाउडर है।
अपनी बेटी के साथ जहाजों के आगमन को देखने और तस्वीरें लेने वाले 34 वर्षीय इंजीनियर योहांद्री एस्पिनोसा ने कहा, “इस समय क्यूबा के लोगों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण सहायता है। हम जरूरत और अनिश्चितता के कठिन दौर से गुजर रहे हैं और हमें नहीं पता कि यह स्थिति कितने समय तक रहेगी।”
क्यूबा के राष्ट्रपति मिगेल दिआज़-कानेल ने ट्रंप की धमकियों को “ऊर्जा नाकेबंदी” करार देते हुए कहा कि इसका असर परिवहन, अस्पतालों, स्कूलों, पर्यटन और खाद्य उत्पादन पर पड़ रहा है।
इस सप्ताह की शुरुआत में क्यूबा के विमानन अधिकारियों ने विभिन्न एयरलाइन को चेतावनी दी थी कि द्वीप पर विमानों को ईंधन भरने के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं है। सोमवार को एयर कनाडा ने क्यूबा के लिए उड़ानें निलंबित करने की घोषणा की, जबकि अन्य एयरलाइन ने हवाना के लिए उड़ानों से पहले डोमिनिकन गणराज्य में ठहराव और देरी की सूचना दी।
ईंधन कटौती को क्यूबा की पहले से प्रभावित पर्यटन अर्थव्यवस्था के लिए एक और झटका माना जा रहा है।
हवाना के प्रसिद्ध समुद्री तटबंध पर बैठे जेवियर गोंजालेज ने कहा, “कभी-कभी लगता है कि हालात सुधरेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। हम इस स्थिति में नहीं रह सकते क्योंकि यह बहुत कठिन है। अब इंतजार करना होगा।”
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शेनबाम ने बृहस्पतिवार को कहा कि जहाजों के लौटते ही “हम विभिन्न प्रकार की और सहायता भेजेंगे।” उनके प्रशासन ने बताया कि वह 1,500 टन बीन्स और दूध पाउडर भेजने की भी योजना बना रहा है।
शेनबाम ने पहले कहा था कि मानवीय सहायता ऐसे समय में भेजी जा रही है जब तेल आपूर्ति बहाल करने के लिए कूटनीतिक प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि मेक्सिको ने अमेरिका से कहा है कि वह शांतिपूर्ण संवाद को बढ़ावा देना चाहता है और यह सुनिश्चित करना चाहता है कि क्यूबा “अपने दैनिक कार्यों के लिए तेल और उसके उत्पाद प्राप्त कर सके।”
ट्रंप की घोषणा से पहले ही मेक्सिको की सरकारी तेल कंपनी पेत्रोलेओस मेक्सिकानोस (पेमेक्स) ने जनवरी में क्यूबा को कच्चे तेल की आपूर्ति निलंबित कर दी थी, हालांकि इसके कारण स्पष्ट नहीं किए गए।
इस बीच, रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में इस सवाल पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि क्या रूस क्यूबा को तेल आपूर्ति भेज सकता है।
