द हेग, 23 फरवरी (एपी) नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्जेंडर ने रॉब जेटेन के नेतृत्व वाली नयी अल्पमत गठबंधन सरकार को रविवार को शपथ दिलाई।
जेटेन (38) नीदरलैंड के सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अल्पमत की वजह से उन्हें चार साल का कार्यकाल पूरा करने और विभिन्न विधेयकों को पारित कराने के लिए कई मोर्चों पर समझौता करना पड़ सकता है।
जेटेन तीन दलों के गठबंधन का नेतृत्व करते हैं। इसमें उनकी मध्यमार्गी डी66 पार्टी, मध्य-दक्षिणपंथी क्रिश्चियन डेमोक्रेट पार्टी और पीपुल्स पार्टी फॉर फ्रीडम एंड डेमोक्रेसी शामिल हैं।
नीदरलैंड की संसद के 150 सदस्यीय निचले सदन में सत्तारूढ़ गठबंधन के महज 66 सदस्य हैं। ऐसे में जेटेन को अपनी सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले प्रत्येक कानून के लिए समर्थन जुटाने के वास्ते विपक्षी सांसदों को भरोसे में लेना होगा।
राजा विलेम एलेक्जेंडर ने आम चुनाव के 117 दिन बाद जेटेन और उनकी सरकार के मंत्रियों को द हेग स्थित शाही महल के ऑरेंज हॉल में शपथ दिलाई।
महल की सीढ़ियों पर नये मंत्रिमंडल की पारंपरिक तस्वीर खींचे जाने के बाद सरकार दोपहर में कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित कर सकती है। राजा ने नयी सरकार को “अनिश्चितता के दौर में” सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।