केदारनाथ के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को खुलेंगे

0
tcmopd9c_kedarnath_625x300_23_October_25

रुद्रप्रयाग, 14 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित प्रख्यात केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल में करीब छह माह बंद रहने के बाद श्रद्धालुओं के लिए 22 अप्रैल को पुन: खोल दिए जाएंगे। मंदिर समिति के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद धर्माचार्यों और वेदपाठियों ने पंचांग गणना कर कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला।

उन्होंने बताया कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में सुबह आठ बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

करीब साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजे ओंकारेश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में केदारनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल, मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारी, धर्माधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन कर ‘जय बाबा केदार’ के जयकारे लगाए और दानदाताओं द्वारा आयोजित भंडारों में प्रसाद ग्रहण किया।

केदारनाथ मंदिर के कपाट खुलने का मुहूर्त निकलने के साथ ही गढ़वाल हिमालय के चारों धामों की तिथियां भी तय हो गई हैं।

बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को, गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *