नयी दिल्ली, नौ फ़रवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को अपनी बात रखने की अनुमति मिलनी चाहिए और सदन में एक पक्ष को बोलने के अधिकार से वंचित किया जाना बहुत अजीबो-गरीब है।
थरूर सोमवार को लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा की शुरुआत करने वाले थे लेकिन आसन की ओर से राहुल गांधी को बोलने की अनुमति नहीं मिलने पर विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद थरूर ने सवालिया अंदाज में कहा कि लोकसभा अध्यक्ष और सरकार आखिर क्या चाहते हैं?
उन्होंने लोकसभा की बैठक के दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, “स्थिति बहुत अजीब है। मुझे नहीं पता कि अध्यक्ष या सरकार सदन में बजट पर चर्चा चाहते हैं या नहीं। सदन की 70 वर्षों से अधिक की एक पुरानी परंपरा है कि पहले नेता प्रतिपक्ष और फिर संसदीय कार्य मंत्री को बोलने का अवसर दिया जाता है।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया, जबकि संसदीय कार्य मंत्री जब भी हाथ उठाते हैं, उन्हें बोलने का अवसर मिल जाता है। यह सही नहीं है। आप इस तरह सरकार का पक्ष नहीं ले सकते। सदन हम सबका है।”