तेलंगाना केवल देश के भीतर नहीं बल्कि दुनिया के शीर्ष समूहों से प्रतिस्पर्धा कर रहा है: रेड्डी

0
sder432wqa

हैदराबाद, 17 फरवरी (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य में वैश्विक निवेश का आह्वान करते हुए मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार, अधिकारी, वैज्ञानिक, कुशल युवा और स्थानीय कारोबारी हर निवेशक की सफलता में साथ देंगे।

हैदराबाद में ‘बायोएशिया 2026’ के उद्घाटन सत्र में रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना अब केवल देश के भीतर नहीं, बल्कि दुनिया के शीर्ष वैश्विक समूहों से मुकाबला कर रहा है।

उन्होंने कहा कि शहर वैश्विक क्षमता केंद्रों के लिए दुनिया का पसंदीदा गंतव्य बन चुका है।

रेड्डी ने कहा, ‘‘ मैं आपको यहां निवेश करने, अपने वैश्विक क्षमता केंद्र स्थापित करने, नवाचार की नींव रखने, अणु (मॉलिक्यूल) व दवाएं विकसित करने, नैदानिक विश्लेषण का प्रबंधन करने, कृत्रिम मेधा मंच तैयार करने और डिजिटल विनिर्माण को आगे बढ़ाने के लिए आमंत्रित करता हूं। मेरी सरकार व अधिकारी, हमारे वैज्ञानिक, हमारे कुशल युवा व स्थानीय कारोबारी आपकी सफलता के साझेदार बनेंगे। जब हम मिलकर काम करेंगे तो हैदराबाद दुनिया की टीका राजधानी से आगे बढ़कर वैश्विक जीवन विज्ञान राजधानी बनेगा।’’

उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने ‘तेलंगाना राइजिंग 2047’ दृष्टिपत्र पेश किया है। इसके तहत राज्य का लक्ष्य 2034 तक 1000 अरब अमेरिकी डॉलर और 2047 तक 3000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है।

रेवंत रेड्डी ने कहा कि जीवन विज्ञान क्षेत्र की मौजूदा प्रवृत्तियों को देखते हुए शोध प्रयोगशालाओं, कंपनियों, नवोदित उद्यमों, सूक्ष्म-लघु-मझोले उद्योगों और सरकार के बीच मजबूत सहयोग की जरूरत है। निवेशकों को भरोसेमंद, स्थिर और भविष्य के लिए तैयार परिवेश चाहिए।

राज्य के उद्योग मंत्री श्रीधर बाबू ने कहा कि तेलंगाना इस दशक के अंत तक दुनिया के शीर्ष तीन जीवन विज्ञान समूहों में शामिल होने और करीब 25 अरब अमरीकी डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखता है। साथ ही करीब पांच लाख उच्च-मूल्य वाली नौकरियां सृजित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने ‘यंग इंडिया स्किल्स यूनिवर्सिटी’ शुरू की है जहां प्रतिभा को बढ़ाना प्राथमिकता है। साथ ही तेलंगाना स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज के माध्यम से राज्य अगली पीढ़ी के वैज्ञानिकों तथा अभियंताओं को तैयार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *