मुंबई में 1000 से अधिक निर्माण स्थलों को काम रोको नोटिस जारी : पंकजा मुंडे

_125377684_99af700b-909d-4508-8922-a630f77ee956.jpg

मुंबई, 24 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र सरकार और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने यहां वायु प्रदूषण के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए पर्यावरण मानदंडों का उल्लंघन करने को लेकर 1,000 से अधिक निर्माण स्थलों को काम रोकने के नोटिस जारी किये हैं। राज्य की मंत्री पंकजा मुंडे ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

प्रदेश की पर्यावरण मंत्री ने विधानसभा में कहा कि शहर में क्रियाशील 2,224 निर्माण स्थलों में से 1,952 स्थलों पर – लगभग 88 प्रतिशत – जनवरी तक कम लागत वाले वायु गुणवत्ता सेंसर स्थापित किए जा चुके हैं।

उन्होंने वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) स्तर पर एक लिखित जवाब में कहा कि आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मौजूदा ‘स्वच्छ वायु’ पहल के तहत अक्टूबर 2025 और जनवरी 2026 के बीच पूरे शहर में कुल 1,981 कारण बताओ नोटिस एवं काम रोकने के 1,047 नोटिस जारी किए गए।

उन्होंने कहा,“हम उल्लंघनकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं। धूल नियंत्रण दिशानिर्देशों का पालन न करने वाली निर्माण परियोजनाओं को पहले औपचारिक सूचना दी जाती है, उसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। और यदि वे अनुपालन नहीं करते हैं तो काम रोकने का आदेश दिया जाता है।”

मंत्री ने कहा कि मुंबई में एक्यूआई स्तर संतोषजनक (51-100) और मध्यम (101-200) है।