खेलमंत्री मांडविया ने ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ लांच किया

0
asdewsdwa

नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय आर्थिक चर्चा और विकास प्राथमिकताओं में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और आम बजट को लेकर उनकी समझ बेहतर बनाने के लिये खेल मंत्रालय ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर पर ‘माय भारत बजट क्वेस्ट 2026’ शुरू किया जिसमें विजेता को विकसित भारत के विजन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद का मौका मिलेगा ।

खेलमंत्री मनसुख मांडविया ने पत्रकारों से कहा ,‘‘ इस साल बजटीय भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद के दौरान युवाओं द्वारा दिये गए सुझावों की सराहना की और बताया कि कुछ सुझावों को 2026 . 27 के आम बजट में शामिल किया गया है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 के जरिये हम देश के युवाओं की आवाज को मजबूती देने की कोशिश जारी रखेंगे ।’’

मांडविया ने बताया कि इस प्रतिस्पर्धा की शुरूआत तीन फरवरी से माय भारत प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रीय स्तर के आनलाइन क्विज के जरिये होगी जो आम बजट पर केंद्रित होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ इसमें भागीदारी के लिये 17 फरवरी तक की समय सीमा है और युवा माय भारत पोर्टल पर रजिस्टर कर सकते हैं । इसमें बजट पर आधारित 30 सवाल पूछे जायेंगे ।’’

उन्होंने आगे बताया कि प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से विजेताओं को 17 फरवरी से तीन मार्च तक दूसरे दौर में भाग लेने का मौका मिलेगा जिसमें निबंध लेखन होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ इसमें युवाओं को विकसित भारत के विजन के साथ बजट से जुड़े आठ विषय दिये जायेंगे जिनमें से चुनकर एक पर उन्हें निबंध लिखना होगा ।’’

खेलमंत्री ने बताया कि दस मार्च को प्रदेश और केंद्रशासित प्रदेश स्तर पर मेरिट सूची जारी की जायेगी ।

उन्होंने बताया ,‘‘ विजेताओं को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से विकसित भारत बजट के विजन पर संवाद का मौका मिलेगा ।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *