लखनऊ, नौ फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने राज्य सरकार की कथित जन-विरोधी नीतियों के खिलाफ सोमवार को विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया।
सपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय के अधिकारों से खिलवाड़ कर रही है।
रानी अहिल्याबाई होल्कर का पोस्टर थामे पार्टी विधायक सचिन यादव ने वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर ध्वस्तीकरण का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि सरकार ने होल्कर का अपमान किया, जिन्होंने करीब 300 साल पहले घाटों का विकास कराया था।