अपनी पूरी क्षमता के काफी करीब पहुंच गया है दक्षिण अफ्रीका: मार्क्रम

0
dfgr3ed

अहमदाबाद, 15 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्क्रम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बड़ी जीत के बाद कहा कि उनकी टीम टी20 विश्व कप में अपनी पूरी क्षमता के साथ खेलने के काफी करीब पहुंच गई है।

दक्षिण अफ्रीका ने गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले न्यूजीलैंड को 175 रन पर रोक दिया और फिर आसानी से लक्ष्य हासिल कर दिया।

मार्क्रम ने मैच के बाद संवाददाताओं से के कहा, ‘‘आज हम अपनी पूरी क्षमता के काफी करीब पहुंच गए। मुझे लगता है कि हमने सभी क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन किया। इस पिच पर माना जा रहा था कि 200 रन से अधिक का स्कोर बनेगा। ऐसे में उन्हें कम स्कोर पर रोकना बहुत अच्छा प्रयास था। पिच वास्तव में बहुत अच्छी थी और खेल आगे बढ़ने के साथ-साथ बेहतर होती गई।’’

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ने अपने गेंदबाजों की चतुराई से परिस्थितियों को समझने और आत्मविश्वास के साथ अपनी गेंदबाजी में विविधता लाने की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई तय योजना नहीं है। यह काफी हद तक बल्लेबाजों के खेलने के तरीके पर निर्भर करता है। अगर कोई बल्लेबाज पूरी क्षमता से खेलने की कोशिश कर रहा है और आप पर हावी होना चाहता है तो आपको उसके अनुसार गेंदबाजी करनी होगी और ऐसा गेंद की गति में बदलाव से भी किया जा सकता है।’’

मार्क्रम ने कहा, ‘‘खेल के दौरान कुछ ऐसे अवसर भी आ सकते हैं जहां चीजें मुश्किल हो सकती हैं। यह एक नाजुक संतुलन है। लेकिन आज हमने परिस्थितियों के अनुसार खेला और सफलता हासिल की।’’

उन्होंने कहा कि क्षेत्ररक्षण की सजावट गेंदबाज अपने हिसाब से करते हैं। इससे तेज गेंदबाजी करने या बीच में धीमी गेंद करने में लचीलापन आता है।

मार्क्रम ने कहा, ‘‘यह आपको व्यापक विकल्प और सीधे विकल्प भी देता है। अधिकतर टीमें इसी लचीलेपन की तलाश में रहती हैं, जो गेंदबाज के प्रकार और पिच की प्रकृति के अनुसार हो।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *