रियल एस्टेट कारोबारी की मौत की जांच एसआईटी कर रही, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: परमेश्वर

0
sdee3d32wes

बेंगलुरु, तीन फरवरी (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने मंगलवार को कहा कि ‘कॉन्फिडेंट समूह’ के संस्थापक एवं अध्यक्ष सी. जे. रॉय की मौत की जांच कर रहा विशेष जांच दल (एसआईटी) मृतक के परिजन एवं अन्य लोगों के बयान दर्ज करेगा तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

केरल के मूल निवासी रॉय ने 30 जनवरी को अपने परिसर में आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।

परमेश्वर ने रॉय की मौत की जांच को लेकर एक सवाल के जवाब में पत्रकारों से कहा, ‘‘एसआईटी ने जांच शुरू कर दी है। वह परिजन एवं अन्य लोगों के बयान दर्ज करेगी और देखेगी कि क्या सामने आता है।’’

आयकर विभाग के कारण रॉय के परेशान होने संबंधी उनके परिवार के दावे के बारे में पूछे जाने पर परमेश्वर ने कहा, ‘‘जांच पूरी होने के बाद ही सभी बातें सामने आएंगी। जांच से पहले हम यह नहीं बता सकते कि इसकी क्या वजह रही है।’’

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रॉय की मौत के मामले की न्यायिक जांच कराने का अनुरोध करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखा है।

परमेश्वर ने इस पत्र के बारे में कहा, ‘‘मुझे पता है कि उन्होंने (विजयन ने) पत्र लिखा है, लेकिन मुझे इसकी विषयवस्तु नहीं पता। इंतजार करते हैं और देखते हैं कि वे क्या तय करते हैं। आयकर विभाग निर्मला सीतारमण के अंतर्गत आता है। वह न्यायिक जांच या किसी अन्य जांच का आदेश देंगी या नहीं, हमें नहीं पता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य स्तर पर हमने एसआईटी का गठन किया है। उसने जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट के आधार पर हम निर्णय लेंगे।’’

रॉय की मौत के संबंध में अशोक नगर पुलिस थाने में अस्वाभाविक मृत्यु की रिपोर्ट (यूडीआर) दर्ज की गई है।

रॉय के भाई सी. जे. बाबू ने दावा किया है कि आयकर विभाग की कार्यवाही के कारण रॉय परेशान थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *