नेतृत्व मुद्दे पर मुझे और शिवकुमार को पार्टी आलाकमान के फैसले का पालन करना चाहिए : सिद्धरमैया
Focus News 11 February 2026 0
बेंगलुरु, 11 फरवरी (भाषा) कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर मीडिया द्वारा बार-बार पूछे जाने वाले सवालों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बुधवार को कहा कि उन्हें और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को इस मामले पर कांग्रेस आलाकमान के निर्णय का पालन करना चाहिए।
सिद्धरमैया ने मुख्यमंत्री पद के लिए उनके और शिवकुमार के बीच खींचतान के बीच कांग्रेस विधायकों की विदेश यात्रा की योजना बनाने की खबरों को भी खारिज करते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है और वे शायद अपने निजी खर्च पर जा रहे हैं।
नाराज दिख रहे सिद्धरमैया ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘क्या आप (मीडिया) इस (नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे) के अलावा कुछ और नहीं पूछ सकते? आप इसके अलावा कुछ नहीं पूछते, सिर्फ यही। इसे शुरू किए हुए तीन महीने हो गए हैं। कृपया मुझसे यह सवाल दोबारा न पूछें।’’
मुख्यमंत्री पूर्व कांग्रेस सांसद और शिवकुमार के भाई डी.के. सुरेश के उस बयान पर पत्रकारों के सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें उन्होंने अनौपचारिक सत्ता-साझाकरण समझौते के संदर्भ में कहा था कि उन्हें ‘‘अब भी उम्मीद है कि देरी होने के बावजूद मुख्यमंत्री अपना वादा निभाएंगे।’’
सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘आलाकमान को सब पता है, वे फैसला करेंगे। मैं उनके फैसले का पालन करूंगा। मुझे आपको (पत्रकारों को) यह कितनी बार बताना पड़ेगा?’’
उन्होंने कहा, ‘‘चाहे मैं हो या शिवकुमार, हमें आलाकमान के फैसले का पालन करना चाहिए। यह मामला आलाकमान के निर्णय पर निर्भर है। आप (मीडिया) बार-बार यही सवाल पूछते हैं। क्या आपके पास पूछने के लिए और कुछ नहीं है?’’
जब पत्रकारों ने उनसे कहा कि वे सुरेश द्वारा दिए गए बयान पर उनकी प्रतिक्रिया जानना चाहते हैं, तो सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘बयान देने वालों से पूछिए। आप मुझसे क्यों पूछ रहे हैं? मैं आलाकमान के फैसले का पालन करूंगा।’’
शिवकुमार ने मंगलवार को नयी दिल्ली रवाना होने से पहले कहा था कि नेतृत्व के मुद्दे पर उन्हें ‘‘कोई भ्रम नहीं है’’ क्योंकि उन्होंने और सिद्धरमैया ने कांग्रेस आलाकमान की उपस्थिति में इस मामले पर चर्चा की है।
शिवकुमार और सिद्धरमैया के बीच सत्ता को लेकर खींचतान एक बार फिर सामने आ गयी है, क्योंकि सिद्धरमैया के बेटे और विधान परिषद सदस्य यतींद्र ने पिछले सप्ताह इस बात पर जोर दिया था कि उनके पिता अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे और पार्टी आलाकमान ने इस संबंध में संकेत दे दिए हैं।
कांग्रेस के कुछ विधायकों द्वारा ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा की योजना बनाने की खबरों पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘अगर वे अपने पैसे खर्च कर रहे हैं, तो क्या हम मना कर सकते हैं? विधायक और विधान परिषद सदस्य अपने पैसे खर्च करके विदेश यात्रा पर जाएंगे ही।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें प्रस्तावित विदेश यात्रा की जानकारी है, तो उन्होंने कहा, ‘‘नहीं, मुझे इसकी जानकारी नहीं है।’’
राज्य के बजट के बारे में पूछे जाने पर सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘मैं त्योहार (15 फरवरी को शिवरात्रि) के बाद तारीख की घोषणा करूंगा।’’
सिद्धरमैया के पास वित्त विभाग भी है और वह विभिन्न विभागों के साथ बजट पूर्व बैठकें कर रहे हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 2026-27 बजट मार्च में पेश किया जा सकता है। यह सिद्धरमैया का रिकॉर्ड 17वां बजट होगा।
