शाह तीन दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार रात असम पहुंचेंगे

0
dfrt43ww2

गुवाहाटी, 19 फरवरी (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बृहस्पतिवार रात को असम के सिलचर पहुंचेंगे और राज्य के अपने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत करेंगे। राज्य में कुछ ही हफ्तों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

अधिकारियों ने बताया कि शाह रात में कछार जिले के सिलचर में रुकेंगे और शुक्रवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की नतूनपुर सीमा चौकी का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद वह नतूनपुर में सीमावर्ती बुनियादी ढांचे और आजीविका पर केंद्रित पहल ‘वाइब्रेंट विलेजेज प्रोग्राम (वीवीपी)’ की शुरुआत करेंगे।

वह बराक घाटी में एक रैली को भी संबोधित कर भाजपा के चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

इसके बाद शाह त्रिपुरा के अगरतला जाएंगे और शाम को असम लौट आएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि वह शनिवार को गुवाहाटी के अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की वार्षिक दिवस परेड में शामिल होंगे। पूर्वोत्तर में यह परेड पहली बार आयोजित की जा रही है।

शाह गुवाहाटी के पास सोनापुर के कसुतोली में 10वीं असम पुलिस बटालियन के नए परिसर की आधारशिला भी रखेंगे।

पिछले साल 29 दिसंबर के बाद से शाह की असम की यह तीसरी यात्रा है, जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लगातार तीसरी बार सत्ता में बने रहने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए मार्च और अप्रैल में चुनाव होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *