हैदराबाद, नौ फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने सोमवार को आरोप लगाया कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी खुद को ‘‘रेवंत खान’’ बताकर ‘बेशर्मी’ से अल्पसंख्यकों को खुश करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदेश में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा के चुनाव प्रचार के तहत हैदराबाद से करीब 220 किमी दूर रामागुंडम में एक रोड शो को संबोधित करते हुये केंद्रीय कोयला मंत्री ने मुख्यमंत्री की पहले की विवादित टिप्पणियों को याद किया कि ‘‘कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मेरा नाम रेवंत रेड्डी नहीं, बल्कि रेवंत खान है। हम देख सकते हैं कि वह कितनी बेशर्मी से वोटों के लिए इस प्रकार बोल रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने हाल ही में कहा था कि कि अलग-अलग जातियों और समुदायों के लोग उन्हें प्यार से अपनी जाति के नामों से बुलाते हैं, जिसमें ‘रेवंत यादव’, ‘रेवंत गौड़’ तथा ‘सरदार रेवंत सिंह’ शामिल हैं, क्योंकि उन्होंने उनकी भलाई के लिए फैसले किये हैं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री का यह बयान आया है।
किशन रेड्डी ने कहा कि पहले बीआरएस और अब कांग्रेस (चुनावी फ़ायदे के लिए) एआईएमआईएम के इशारे पर चल रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) ने सरकारी सिंगरेनी कोलियरीज़ का अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करके उसे कमज़ोर कर दिया है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार पर 51,000 करोड़ रुपये का बकाया हैं, जो बीआरएस और कांग्रेस का ‘‘पाप’’ है।
किशन रेड्डी ने कहा कि केंद्र की राजग सरकार ने रामागुंडम में एक फर्टिलाइजर संयंत्र लगाया है और भाजपा शहर के लिए और केंद्रीय कोष दिलवाएगी।
तेलंगाना में सात नगर निगम और 116 नगर पालिकाओं में 11 फरवरी को चुनाव होंगे।