रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने सदर्न हेल्थ फूड्स का अधिग्रहण किया

0
swer4565trgfdx

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) ने मंगलवार को तमिलनाडु स्थित सदर्न हेल्थ फूड्स का अधिग्रहण करने की घोषणा की। इस सौदे की राशि के बारे में फिलहाल नहीं बताया गया है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की एफएमसीजी इकाई का यह कदम तेजी से बढ़ते मोटे अनाज आधारित खाद्य खंड में अपनी उपस्थिति मजबूत करने में मदद करेगा।

आरसीपीएल ने एक बयान में कहा कि सदर्न हेल्थ फूड्स ‘मन्ना’ ब्रांड की मालिक है और दो दशक से अधिक समय से स्वास्थ्यवर्धक खाद्य पदार्थों की एक विस्तृत श्रृंखला बनाने वाली अग्रणी कंपनी है। यह अधिग्रहण आरसीपीएल द्वारा ऑस्ट्रेलिया स्थित गुडनेस ग्रुप ग्लोबल पीटीवाई लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा के एक सप्ताह बाद हुआ है।

सदर्न हेल्थ फूड्स के अधिग्रहण के बारे में आरसीपीएल ने कहा कि ‘मन्ना’ के जुड़ने से कंपनी के खाद्य और मोटे अनाज पोर्टफोलियो को और मजबूती मिलेगी, जिसमें उदयम, इंडिपेंडेंस और सिल जैसे ब्रांड पहले से शामिल हैं।

आरसीपीएल के निदेशक टी कृष्णकुमार ने कहा कि ‘मन्ना’ तमिलनाडु के स्वास्थ्य केंद्रित खाद्य बाजार में सबसे भरोसेमंद नामों में से एक है और पड़ोसी राज्यों में भी इसकी अच्छी उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल आरसीपीएल के ‘पैकेज्ड फूड’ पोर्टफोलियो को ताकत मिलेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को सर्वोत्तम पौष्टिक भोजन प्रदान करने में भी मदद मिलेगी।

अधिग्रहण के बाद, आरसीपीएल मन्ना के व्यवसाय का विस्तार करेगी और इसके उत्पादों को अन्य भौगोलिक क्षेत्रों में उपलब्ध कराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *