भाजपा का मुकाबला करने में राहुल ने कोई कसर नहीं छोड़ी है : उमर अब्दुल्ला

0
sdfgtr4ews

गुलमर्ग, 23 फरवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की किसी भी बैठक में इसके नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर अब तक कोई चर्चा नहीं हुई है और उन्होंने राहुल गांधी का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने भाजपा का मुकाबला करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा है।

वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर की उस टिप्पणी पर प्रतिकिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) प्रमुख एम.के. स्टालिन ‘इंडिया’ गठबंधन का संयोजक बनने के लिए ‘‘सबसे उपयुक्त’’ हैं।

अब्दुल्ला ने यहां संवाददाताओं से कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन की अब तक ऐसी कोई बैठक नहीं हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, मुझे नहीं पता कि इसे किस संदर्भ में कहा जा रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अय्यर ने अपनी निजी राय दी है और उन्हें ऐसा करने का पूरा अधिकार है।

नेकां उपाध्यक्ष ने कहा, ‘‘कोई यह नहीं कह सकता कि उन्हें अपनी राय देने का अधिकार नहीं है। लेकिन, जब निर्णय लिया जाएगा, तो वह ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा लिया जाएगा और सभी (घटक दल) इस पर चर्चा करेंगे। नेतृत्व को लेकर अब तक ‘इंडिया’ गठबंधन की किसी भी बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई है।’’

यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी पार्टी नेतृत्व परिवर्तन का समर्थन करती है, तो उन्होंने कहा कि हालांकि नेतृत्व के मुद्दे पर पहले गठबंधन के भीतर आंतरिक रूप से चर्चा होनी चाहिए, लेकिन राहुल गांधी ने भाजपा और सरकार से लड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बताइए, राहुल गांधी ने भाजपा से लड़ने में क्या कसर छोड़ी है? उन्होंने लगातार भाजपा का विरोध किया है और हर मुद्दे पर भाजपा और सरकार को निशाना बनाया है। यही विपक्ष के नेता का काम होता है। राहुल गांधी से आप और क्या चाहते हैं?’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सच है कि कभी-कभी कांग्रेस पार्टी चुनाव में सफल नहीं होती, ‘‘लेकिन ‘इंडिया’ गठबंधन का काम सरकार को घेरना और भाजपा का विरोध करना है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई मुझे बताए कि राहुल गांधी ने ऐसा करने में क्या कोई कसर छोड़ी है?’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *