मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को “अपरिपक्व” बताते हुए कहा कि उन्हें अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास नरेन्द्र मोदी सरकार की आलोचना के लिए कोई रचनात्मक एजेंडा नहीं है, इसलिए वह भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है।
केंद्रीय बजट पर संवाददाताओं से बातचीत में गोयल ने कहा कि राहुल गांधी “सच से हजारों मील दूर” हैं और उनके जैसा “विश्वनीयता खो चुका नेता” चाहे लाख कोशिश कर ले, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और उनकी राष्ट्र सेवा को नहीं रोक सकता।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस हताश है। उसके पास झूठे और मनगढ़ंत दावे करने के अलावा अन्य कोई योजना या समाधान नहीं है। हमारी आलोचना करने का कोई ठोस आधार नहीं है। वे गलत जानकारी फैलाकर किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”
मुंबई उत्तर से भाजपा के लोकसभा सांसद गोयल ने कहा कि कांग्रेस अपनी सीमाओं को समझने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को अर्थव्यवस्था की कोई समझ नहीं है, वे केवल सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक बातें लिखते हैं। वह सच से मीलों दूर हैं। भारत की कपास उत्पादन क्षमता और आवश्यकता दोनों बढ़ेंगी। कच्चा माल आयात कर उसे प्रसंस्कृत कर निर्यात करना वैश्विक व्यापार में पुराना तरीका है।”
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और कपास व वस्त्र क्षेत्र को लेकर राहुल गांधी की ओर से की गई आलोचना पर पलटवार करते हुए गोयल ने कहा कि जब “अपरिपक्व लोग” राजनीति में आते हैं तो इस स्तर के आरोप लगाए जाते हैं।