पुडुचेरी सरकार गरीबों को पक्का मकान देने के लिए आवास सब्सिडी योजना लागू कर रही : रंगासामी

0
e2wefewsaz

पुडुचेरी, छह फरवरी (भाषा) पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों के वास्ते झोपड़ियों के स्थान पर पक्का मकान सुनिश्चित करने के लिए आवास सब्सिडी योजना लागू कर रही है।

पड़ोसी तिरुकांची गांव में आयोजित एक समारोह में बुजुर्गों, बेसहारा महिलाओं और गरीब तबके के लोगों को बढ़ी हुई मासिक पेंशन सौंपते हुए बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस केंद्र शासित प्रदेश की सरकार और केंद्र की प्रधानमंत्री आवास योजना द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी को मिलाकर एकीकृत आवास योजना लागू कर दी गई है। इसका उद्देश्य गरीब और हाशिए पर रहने वाले लोगों को झोपड़ियों की जगह पक्के मकान बनाने में सहायता प्रदान करना है।’’

उन्होंने कहा कि आवास योजना को तेजी से लागू करने से केंद्र शासित प्रदेश ‘झोपड़ी मुक्त’ क्षेत्र के रूप में उभरने की राह पर है।

रंगासामी ने दावा किया कि उनकी सरकार विधानसभा में किए गए सभी वादों और आश्वासनों को लागू कर रही है और उन्होंने पिछली कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन सरकार पर जनता की समस्याओं का समाधान किए बिना विफल करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों और वंचितों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को दी जाने वाली मासिक पेंशन में 500 रुपये की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार, बेसहारा महिलाओं और विधवाओं को भी बढ़ी हुई पेंशन मिल रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए 750 एकड़ के विशाल भूभाग पर एक औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करेगी ताकि तकनीकी रूप से योग्य युवाओं को रोजगार मिल सके।

कृषि मंत्री सी. जयकुमार, विधानसभा अध्यक्ष आर. सेल्वम, विधायक और अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *