प्रधानमंत्री मोदी एक मार्च को पुडुचेरी का दौरा करेंगे: भाजपा नेता

0
a7cf18d8-0a05-4cc8-9f04-94c031866e1c.jpg

पुडुचेरी, 21 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक मार्च को पुडुचेरी का दौरा करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता निर्मल कुमार सुराना ने यह जानकारी दी।

पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

भाजपा की पुडुचेरी इकाई के प्रभारी सुराना ने पत्रकारों को बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कराईकल का दौरा किया था, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा नेता के इस दौरे से वहां के लोगों के बीच एक सकारात्मक संदेश गया है।

इस बीच आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और जनसभा पास के लॉस्पेट के हेलीपैड मैदान में आयोजित की जाएगी।

सुराना ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश की यात्रा के दौरान मोदी के भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

केंद्र शासित प्रदेश में सत्तारूढ़ ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (एआईएनआरसी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी चुनाव भी साथ लड़ेंगे और गृह मंत्री की 14 फरवरी को कराईकल यात्रा के दौरान इस गठबंधन की पुष्टि की गई।

पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया भी शाह के साथ हुई बैठक में मौजूद थे और सुराना ने कहा कि आगामी चुनाव में भी एआईएनआरसी-भाजपा गठबंधन जारी रहेगा।

सुराना ने कहा कि लक्ष्य जननायगा काची समेत कुछ अन्य पार्टियां भी यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होंगी और ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईएडीएमके) को भी शामिल करने के लिए बातचीत जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘एआईएडीएमके पड़ोसी राज्य तमिलनाडु में राजग का हिस्सा है और पुडुचेरी में भी निश्चित रूप से गठबंधन में शामिल होगी।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *