कुआलालंपुर, आठ फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मलेशियाई समकक्ष अनवर इब्राहिम के साथ रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक एवं नवाचार साझेदारी को बढ़ाने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।
दोनों पक्षों के कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाने की उम्मीद है, जो सेमीकंडक्टर सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग प्रदान करेंगे।
मोदी शनिवार को कुआलालंपुर पहुंचे जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। हवाई अड्डे पर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया जो द्विपक्षीय संबंधों में एक नयी गति का संकेत है।
वार्ता से पहले मोदी का आज सुबह पर्दाना पुत्र में औपचारिक स्वागत किया गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच सभ्यतागत, ऐतिहासिक और जन-संबंधों पर आधारित घनिष्ठ संबंध हैं।’’
प्रधानमंत्री ने शनिवार को मलेशिया की यात्रा पर रवाना होने से पहले अपने संदेश में संकेत दिया था कि यह यात्रा गहन रक्षा सहयोग और मजबूत आर्थिक जुड़ाव को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगी।
मोदी ने कहा था, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं।’’
उन्होंने कहा था, ‘‘ हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।’’
भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया।