प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय दौरे पर मलेशिया पहुंचे

0
sxdewdewqa

कुआलालंपुर, सात फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को मलेशिया के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचे।

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मोदी की अगवानी की।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कुआलालंपुर पहुंच गया हूं। हवाई अड्डे पर मेरे मित्र, प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम द्वारा किये गये हार्दिक स्वागत से मैं बहुत अभिभूत हूं। मुझे हमारी वार्ता का इंतजार है और भारत और मलेशिया के बीच दोस्ती के बंधन को और मजबूत करने की उम्मीद है।’’

मोदी रविवार को मलेशिया के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक वार्ता करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग को और बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर पहुंचने की उम्मीद है।

मलेशिया रवाना होने से पहले मोदी ने कहा था कि भारत मलेशिया के साथ रक्षा एवं सुरक्षा संबंधों को मजबूत करने तथा आर्थिक और नवोन्मेष के क्षेत्र में साझेदारी को बढ़ाने पर विचार कर रहा है।

उन्होंने कहा था, ‘‘भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों में हाल के वर्षों में निरंतर प्रगति हुई है। मैं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ अपनी चर्चाओं और हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने को लेकर उत्साहित हूं।’’

उन्होंने कहा था, ‘‘ हमारा लक्ष्य अपने रक्षा और सुरक्षा संबंधों को मजबूत करना, अपनी आर्थिक और नवाचार साझेदारी को बढ़ाना तथा नए क्षेत्रों में अपने सहयोग का विस्तार करना है।’’

भारत और मलेशिया ने अगस्त 2024 में अपने द्विपक्षीय संबंधों को एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *