राष्ट्रपति मुर्मू ने पुरी में श्वेत गंगा में पिंडदान किया, जगन्नाथ मंदिर भी पहुंचीं

0
Untitled-design-2026-02-048888

पुरी, चार फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार सुबह पुरी के श्वेत गंगा कुंड में पिंडदान किया और इसके बाद श्रीजगन्नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

पुरी के लोक भवन में रात्रि विश्राम के बाद, राज्य के अपने दौरे के तीसरे दिन राष्ट्रपति सुबह सात बजे श्वेत गंगा पहुंचीं, जहां उन्होंने पूर्वजों की आत्माओं की शांति लिए पिंडदान किया।

इसके बाद राष्ट्रपति सुबह सात बजकर 40 मिनट पर श्रीजगन्नाथ मंदिर के सिंहद्वार पहुंचीं, जहां गजपति महाराजा दिव्यसिंह देव ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरविंद कुमार पाढ़ी भी मौजूद थे।

राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर मंदिर को आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रखा गया था।

अपने परिवार के साथ राष्ट्रपति ने धुकुड़ी द्वार (दक्षिणी द्वार) से मंदिर में प्रवेश किया और गर्भगृह में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन किए।

एसजेटीए के मुख्य प्रशासक ने बताया कि राष्ट्रपति बनने के बाद मंदिर में मुर्मू की यह चौथी यात्रा है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ने गर्भगृह में प्रार्थना की, दीप प्रज्वलित किया और मंदिर परिसर में मां बिमला तथा मां लक्ष्मी मंदिरों में दर्शन किया। राष्ट्रपति की मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना के साथ प्रशासन की ओर से मंदिर पर ध्वज फहराया गया।’’

दर्शन के बाद राष्ट्रपति मंदिर के सामने जुटे लोगों के पास गईं और उनसे बातचीत की। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए मंदिर और पुरी शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति को खंडुआ (पवित्र वस्त्र) और पटचित्र भेंट किया गया। राष्ट्रपति मुर्मू दिन में बाद में मयूरभंज जिले स्थित अपने पैतृक स्थान रायरंगपुर जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *