नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि प्रदूषण अब केवल एक पर्यावरणीय मुद्दा नहीं बल्कि एक राष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल है। गांधी ने साथ ही कहा कि संसद को इस पर चर्चा करनी चाहिए और सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए।
लोकसभा में विपक्ष के नेता ने यह भी कहा कि केंद्रीय बजट में वास्तविक समाधानों के लिए वास्तविक संसाधन उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
राहुल गांधी ने फेसबुक पर एक वीडियो जारी कर कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों में, मैंने हज़ारों संदेश पढ़े हैं कि प्रदूषण उनकी ज़िंदगी पर क्या असर डाल रहा है। जो बात सबसे ज़्यादा सामने आई कि बच्चों के लिए, माता-पिता के लिए, आने वाले कल के लिए लोगों में डर है। यह डर पूरे भारत के शहरी परिवारों में महसूस किया जा रहा है।’’
उनका कहना है कि प्रदूषण अब सिर्फ़ एक पर्यावरण का मुद्दा नहीं रहा, यह स्वास्थ्य संबंधी राष्ट्रीय आपातकाल बन चुका है तथा संसद को इस पर चर्चा करनी चाहिए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। इस बजट में असली समाधान के लिए असली संसाधन के उपाय करने चाहिए।’’