गुवाहाटी, 11 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले में हाइवे इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ईएलएफ) पर उतरेंगे। इस सुविधा के उद्घाटन के अवसर पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों द्वारा एक भव्य हवाई प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री शनिवार सुबह नयी दिल्ली से चाबुआ वायुसेना अड्डे के लिए उड़ान भरेंगे। वहां से वे उड़ान भरकर जिले के मोरान स्थित ईएलएफ पर उतरेंगे।’’
इसके बाद प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना के लगभग 16 विमानों के हवाई प्रदर्शन का गवाह बनेंगे जो 30 मिनट तक या तो यहां उतरेंगे या इसके ऊपर से उड़ान भरेंगे।
शर्मा ने कहा, ‘‘इस हवाई प्रदर्शन में राफेल, सुखोई और भारतीय वायुसेना के अन्य विमान भाग लेंगे, और कई लड़ाकू विमान भी इस पट्टी पर उतरेंगे। ईएलएफ पर यह पहला ऐसा विस्तृत अभ्यास होगा।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी ईएलएफ से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरेंगे, जहां से वे चुनावी राज्य की अपनी एक दिवसीय यात्रा के अगले चरण पर पहुंचेंगे।
इससे पहले शर्मा ने कहा था कि ईएलएफ राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा तैयारियों को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा था कि भारतीय वायु सेना के समन्वय से डिब्रूगढ़-मोरान राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत निर्मित मोरान ईएलएफ को मोरान और डेमो के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग के 4.2 किलोमीटर के हिस्से में विकसित किया गया है।
गुवाहाटी में मोदी ब्रह्मपुत्र नदी पर बने एक नए पुल का उद्घाटन करेंगे और उस पर कुछ देर तक पैदल भी चलेंगे। इस पुल को मुख्यमंत्री ने राज्य के अभियंताओं द्वारा निर्मित एक ‘वास्तुकला का चमत्कार’ करार दिया।
शर्मा ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री गुवाहाटी के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसों को भी हरी झंडी दिखाएंगे।’’
शर्मा ने बताया कि मोदी दोपहर बाद शहर के खानापारा मैदान में आयोजित ‘भाजपा बूथ सम्मेलन’ में भाग लेंगे और लगभग एक लाख बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।