भाजपा में शामिल होने वाले लोग अपने राजनीतिक सफर में “महत्वहीन” हो गए: गोगोई

dfrt554ewa

गुवाहाटी, 18 फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने वाले लोग अपने राजनीतिक सफर में “महत्वहीन” हो गए।

गोगोई ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस की प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा का भी यही हश्र होगा।

बोरा के 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने कहा, “भाजपा में शामिल हुए लोग महत्वहीन हो गए। हम सर्वानंद सोनोवाल और कई अन्य लोगों का उदाहरण देख सकते हैं। एजीपी पार्टी (सोनोवाल की पूर्ववर्ती पार्टी) विलुप्त होने की कगार पर है। मुझे नहीं लगता कि मुझे भूपेन बोरा के भाजपा में शामिल होने के बारे में विशेष रूप से कुछ कहने की जरूरत है।”

गोगोई ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मुकाबला “असली कांग्रेस और पुरानी कांग्रेस” के बीच होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा में पुराने कांग्रेसी नेता भरे पड़े हैं, जो राज्य में कांग्रेस के 15 साल के शासनकाल में सबसे ज्यादा भ्रष्ट थे।’’

असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा द्वारा बोरा को कांग्रेस का “आखिरी हिंदू नेता” कहने पर टिप्पणी करते हुए गोगोई ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता “असम के जिन्ना” हैं और उन्हें नेताओं को “हिंदू प्रमाणपत्र” देना बंद कर देना चाहिए।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस एक सागर की तरह है; हम सब उसमें पानी की बूंदें मात्र हैं। कांग्रेस हमारे पिता और पूर्वजों के भी बहुत पहले से अस्तित्व में है। भूपेन बोरा के जाने से विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी की संभावनाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा।’’