ओएनजीसी ने गोवा में बनाया 4,000 सीटों वाला सभागार, फिल्मफेयर जैसे बड़े आयोजनों पर नजर

0
xcdfwqaswq

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओएनजीसी ने दक्षिण गोवा के शांत इलाके में अरब सागर के किनारे एक भव्य 4,000 सीटों वाला सभागार बनाया है। प्रमुख समुद्र तटीय रिसॉर्ट से महज 15 मिनट की फेरी (नाव) की दूरी पर स्थित यह केंद्र बड़े सम्मेलनों और फिल्मफेयर जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोहों की मेजबानी के लिए तैयार है।

दक्षिण गोवा के बेतुल में ओएनजीसी का एक उन्नत प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) है। यह परिसर 10 लाख वर्ग मीटर यानी लगभग 250-270 एकड़ में फैला है, जिसके एक छोटे से हिस्से में प्रशिक्षण केंद्र है।

अधिकारियों ने बताया कि साल 2023 में एटीआई की इस विशाल भूमि के खाली हिस्से पर बने एक अस्थायी सम्मेलन केंद्र में ‘इंडिया एनर्जी वीक’ (आईईडब्ल्यू) के दूसरे संस्करण का आयोजन किया गया था। इसके बाद ही गोवा के पर्यटन में एक नया अध्याय जोड़ने के लिए एक स्थायी सभागार बनाने का विचार आया। जनवरी के अंत में आईईडब्ल्यू के चौथे संस्करण से पहले यह सभागार बनकर तैयार हो गया था।

इसमें एक स्थायी प्रदर्शनी हॉल और एक प्रबंधन विकास सुविधा शामिल है। इसका कुल निर्मित क्षेत्र लगभग 39,000 वर्ग मीटर है। यह सुविधा समुद्र तटीय रिसॉर्ट से 15 मिनट की फेरी सवारी के माध्यम से जुड़ी हुई है, जिससे प्रमुख होटल केंद्रों से सीधा संपर्क मिलता है।

एक अधिकारी ने कहा, ”आईईडब्ल्यू तो सिर्फ एक आयोजन है, लेकिन यह सुविधा बड़े सम्मेलनों और पुरस्कार समारोहों की मेजबानी करने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए उपलब्ध है। गोवा भारत का सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और हमने इस सभागार और प्रदर्शनी सुविधा का निर्माण गोवा को बड़े वैश्विक कार्यक्रमों के केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए किया है।”

इस अंडाकार सभागार में एक समय में करीब 4,000 लोगों के बैठने की क्षमता है। इसमें वीवीआईपी कमरे, वीवीआईपी ग्रीन रूम, दो वीआईपी लाउंज, सीईओ बैठक कक्ष, कार्यालय स्थान, भोजन कक्ष और एक बड़ा प्रवेश कक्ष शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *