ओम बिरला बांग्लादेश में बीएनपी की नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के लिए ढाका पहुंचे

0
202602153674208

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला बीएनपी नेता तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए मंगलवार को ढाका पहुंचे।

विदेश सचिव विक्रम मिसरी और अन्य अधिकारियों के साथ ढाका पहुंचने के बाद, बिरला ने कहा कि यह एक महत्वपूर्ण क्षण है जो दोनों पड़ोसी देशों के बीच जन-संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा।

बिरला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तारिक रहमान के नेतृत्व में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए ढाका में उपस्थित होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह एक महत्वपूर्ण क्षण है जो हमारे दोनों देशों के बीच जन-संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करेगा।”

बांग्लादेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को समारोह में आमंत्रित किया था, लेकिन वह मंगलवार को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ वार्ता के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।

रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 12 फरवरी को हुए चुनाव में 49.97 प्रतिशत मत हासिल कर 209 सीटों के साथ दो-तिहाई बहुमत प्राप्त करते हुए सत्ता हासिल की। चुनाव के परिणाम 13 फरवरी को घोषित किए गए।

जमात-ए-इस्लामी ने 31.76 प्रतिशत वोट और 68 सीटें जीतकर अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। नेशनल सिटीजन पार्टी ने छह सीटें और 3.05 प्रतिशत वोट हासिल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *