कनाडा के खिलाफ पावरप्ले की कमजोरी को दूर करने की कोशिश करेगा न्यूजीलैंड

0
fgt543ewdsz

चेन्नई, 16 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में न्यूजीलैंड की कुछ कमजोरियां खुलकर सामने आ गई थी और उसकी टीम अब कनाडा के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले टी20 विश्व कप के ग्रुप डी के अपने अंतिम मैच में इन्हें दूर करने और सुपर आठ में जगह पक्की करने की कोशिश करेगा।

विश्व कप से ठीक पहले भारत में पांच मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला खेलने के बाद न्यूजीलैंड की टीम उपमहाद्वीप की परिस्थितियों से काफी हद तक अभ्यस्त होकर टूर्नामेंट में उतरी। अफगानिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ आसान जीत ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत किया।

लेकिन दक्षिण अफ्रीका की मजबूत टीम के खिलाफ उसे सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस हार ने हर विभाग में, खासकर बल्लेबाजी में उसकी कमजोरियों को उजागर कर दिया।

न्यूजीलैंड के लिए पावरप्ले की परेशानियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं, क्योंकि शुरुआती विकेट गिरने से लय बिगड़ जाती है और मध्य क्रम के बल्लेबाजों को पारी को संवारने का काम करना पड़ता है।

न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर रचिन रविंद्र की खराब फॉर्म भी टीम के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है। वह अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहे हैं। अब जबकि टूर्नामेंट अगले दौर में प्रवेश करने वाला है तो न्यूजीलैंड के टीम प्रबंधन उनके जल्दी लय में लौटने की उम्मीद कर रहा होगा।

गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी।

दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डैरिल मिचेल ने कहा, ‘‘हम 200 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाए जो हम चाहते थे। मुझे लगता है कि गेंदबाजी में भी हमारा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा जितना होना चाहिए था।’’

तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए स्वदेश लौट गए हैं और इसलिए इस मैच में नहीं खेलेंगे। काइल जैमीसन को उनकी जगह पर अंतिम एकादश में शामिल किए जाने की संभावना है, जबकि लेग स्पिनर ईश सोढ़ी एक और रणनीतिक विकल्प बने रहेंगे। न्यूजीलैंड इस मैच में जीत हासिल करके सुपर आठ में अपनी जगह पक्की कर लेगा।

दूसरी तरफ कनाडा की भी अपनी परेशानियां हैं। उसकी टीम दक्षिण अफ्रीका और यूएई के खिलाफ अपने दोनों मैच हारने के बाद अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर है।

टूर्नामेंट से पहले प्रतिस्पर्धी मैचों का अनुभव न होने का असर उनके प्रदर्शन में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। उपमहाद्वीप की परिस्थितियों के अनुकूल ढलना भी उनके लिए मुश्किल रहा है।

यूएई से हार के बाद तेज गेंदबाज दिलोन हेइलिगर ने कहा था, ‘‘हम यहां की तुलना में काफी कम तापमान में रहते हैं और हमारे पास क्रिकेट खेलने के लिए साल में केवल तीन महीने होते हैं। हम इनडोर अभ्यास करते हैं। इसलिए हमारे लिए यह थोड़ा मुश्किल है, लेकिन यह कोई बहाना नहीं है।’’

टीम इस प्रकार हैं:

न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, डेवोन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, जेम्स नीशम, माइकल ब्रैसवेल, मैट हेनरी, ट्रेंट बोल्ट, जैकब डफी और ईश सोढ़ी।

कनाडा: दिलप्रीत बाजवा (कप्तान), अजयवीर हुंदल, अंश पटेल, दिलन हेइलिगर, हर्ष ठाकर, जसकरनदीप सिंह, कलीम सना, कंवरपाल ताथगुर, नवनीत धालीवाल, निकोलस किरटन, रविंदरपाल सिंह, साद बिन जफर, शिवम शर्मा, श्रेयस मोव्वा, युवराज समरा।

मैच भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *