भोपाल/ग्वालियर, 15 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल में केरल के स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सफलता को जन विश्वास का सशक्त प्रमाण करार दिया और विश्वास जताया कि आगामी राज्य विधानसभा के चुनाव में यह गठबंधन जीत का परचम लहराएगा।
मुख्यमंत्री यादव ने यह बात ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ कार्यक्रम के तहत मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर आए केरल के निकायों के जनप्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कही।
हाल में तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा नीत राजग सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरा है, जिसने मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के 45 साल के शासन का अंत किया है।
पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार यादव ने जनप्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केरल निकाय चुनाव में भाजपा नीत राजग की सफलता जन विश्वास का सशक्त प्रमाण है।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्षों से आने वाले समय में केरल में भाजपा व राजग का परचम लहराएगा।’’
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देश की सेवा में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘केरल के निकायों में भाजपा व राजग के कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में विजय यह स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति केरल की जनता का अटूट विश्वास है।’’
उन्होंने कहा कि केरल निकायों में मिली सफलता से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नया संकल्प और आगे बढ़ने का विश्वास और मजबूत किया है।
यादव ने इस दौरान मध्यप्रदेश सरकार की योजनाओं व नवाचारों से जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया बताया कि कैसे जनता की सेवा और अपने क्षेत्र के विकास को अंजाम तक पहुंचाया जाता है।
ग्वालियर पहुंचे जनप्रतिनिधियों के 13 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से भी मुलाकात की।
इस अवसर पर तोमर ने कहा कि केरल में जनसंघ के समय से ‘‘हमारी पार्टी के कार्यकर्ता’’ संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में भाजपा की विजय सुनिश्चित है।