मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘गुटनिरपेक्ष नीति का सच्चा नेता’ बताया

0
17703778168pic15-Chief-Minister-Mohan-Yadav-paid-a-courtesy-call-on-Prime-Minister-Narendra-Modi-in-New-Delhi

इंदौर, छह फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘गुटनिरपेक्ष नीति का सच्चा नेता’ करार देते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि भारत अपने किसानों और विनिर्माताओं के हितों को हमेशा सबसे ऊपर रखता है और इस सिलसिले में अपने रुख से टस से मस नहीं होता है।

यादव ने भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर सहमति बनने के बाद यह बात कही।

मुख्यमंत्री यादव ने अनाज मिलिंग उद्योग की प्रदर्शनी ‘ग्रेनेक्स इंडिया’ के उद्घाटन समारोह में कहा कि ‘56 इंच के सीने वाले’ प्रधानमंत्री मोदी गुटनिरपेक्ष नीति के सच्चे नेता हैं।

उन्होंने कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘पहले केवल कहने के लिए कहा जाता था कि भारत गुटनिरपेक्ष नीति अपनाता है, लेकिन बताने की जरूरत नहीं है कि तब इस नीति के नाम पर किया जाता था।’’

यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश के किसानों और विनिर्माताओं की बेहतरी के लिए उनके हितों को सबसे ऊपर रखती है।

उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का जिक्र किए बगैर कहा, ‘‘जब से प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल की सरकार बनी है, भारत अपने रुख से टस से मस नहीं होता, भले ही कोई देश (भारतीय सामान पर) कितना भी ज्यादा या कम शुल्क लगाए। भारत अपने किसानों और कृषि क्षेत्र का सबसे ज्यादा ध्यान रखता है।’’

यादव ने हाल ही में पेश केंद्रीय बजट की तारीफ करते हुए कहा,‘‘समय बदल गया है। अब भारत के बजट के कारण दुनिया अपनी नीतियां बदलने के लिए तैयार रहती है।’’

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार दलहनों के व्यापार पर कर घटाने को लेकर औद्योगिक संगठनों की मांग पर विचार करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘दालें शाकाहारियों के लिए प्रोटीन का बड़ा स्त्रोत हैं। हम दलहनों की खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। हम मसूर और उड़द का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को बोनस देने की योजना भी बनाने जा रहे हैं।”

मुख्यमंत्री ने अनाजों और दाल-दलहन के उद्योगों के प्रतिनिधियों से सूबे में निवेश का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए कई आकर्षक नीतियां बनाई हैं और श्रम कानूनों में बड़े सुधार किए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश, देश के बीचों-बीच स्थित है। राज्य के कारखानों में बनने वाले उत्पादों को पूरे देश में आसानी से पहुंचाया जा सकता है। हम भविष्य में एयर कार्गो भी बनाने वाले हैं।’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *