मार्श ने ऑस्ट्रेलिया के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण पर जताया भरोसा

0
2025_10image_16_44_516439069australia-captain-mars

कोलंबो, 10 फरवरी (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श को भरोसा है कि टी20 विश्व कप में पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड जैसे प्रमुख तेज गेंदबाजों की अनुपस्थिति के बावजूद उनकी टीम का अपेक्षाकृत अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण चुनौती पर खरा उतरेगा।

यह 2016 के बाद पहला बड़ा आईसीसी टूर्नामेंट होगा जिसमें ऑस्ट्रेलिया की प्रसिद्ध तेज गेंदबाजी तिकड़ी का एक भी सदस्य टीम में शामिल नहीं होगा।

इसमें से स्टार्क ने पिछले साल इस प्रारूप से संन्यास ले लिया था तो वहीं कमिंस और हेजलवुड चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए। उनकी गैरमौजूदगी में नाथन एलिस, बेन ड्वार्शुइस और जेवियर बार्टलेट तेज गेंदबाजी विभाग की अगुवाई करेंगे।

आयरलैंड के खिलाफ अपने शुरुआती मैच से पहले मार्श ने कहा, ‘‘पैटी (कमिंस) जैसे खिलाड़ी पिछले कुछ वर्षों में हमारे लिए काफी खेले हैं। पिछले 12 महीनों में बेनी ड्वार्शुइस और ज़ेवियर बार्टलेट ने लगभग हमारे सभी मैच खेले हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरा भरोसा है कि वे हमारे लिए अपनी भूमिका निभाने में सक्षम रहे हैं और कई मैचों में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। इसलिए हमें इस ग्रुप पर विश्वास है। पिछले 12 महीनों में हमने इसे तैयार किया है। ’’

ऑस्ट्रेलिया इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ हाल में टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में मिली 0-3 की हार के बाद उतर रहा है। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपनी सबसे बड़ी 111 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा था।

मार्श ने कहा, ‘‘पाकिस्तान दौरे से हमें काफी सीख मिली। कुछ युवा खिलाड़ियों को शायद अपने करियर में पहली बार उन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सबक सीखकर और आगे बढ़ते हैं। इस टूर्नामेंट के लिए कुछ अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी भी हुई है, इसलिए हमने उस सीरीज को पीछे छोड़ दिया है और अब हमारा पूरा ध्यान विश्व कप पर है। ’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *