चेन्नई, 11 फरवरी (भाषा) ‘लॉटरी किंग’ सैंटियागो मार्टिन की पत्नी लीमा रोज ने इंधिया जननायगा काची (आईजेके) छोड़ने की घोषणा की है।
रोज ने अपने बेटे जोस चार्ल्स द्वारा पुडुचेरी में नवगठित लचिया जननायगा काची (एलजेके) पार्टी में शामिल होने या समर्थन की अटकलों के बीच यह निर्णय लिया है।
उनके दामाद आधव अर्जुन ने पहले थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाले विदुथलाई चिरुथिगल काची (वीसीके) को छोड़ दिया था और अभिनेता विजय के तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) में शामिल हो गए जिसमें वह महासचिव के रूप में जिम्मेदाररी संभाल रहे हैं।
चार्ल्स ने पुडुचेरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ने के बाद एलजेके पार्टी की स्थापना की। उन्होंने आगामी चुनाव में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
रोज ने बताया कि उन्होंने 10 फरवरी को आईजेके के संयुक्त महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया। इस राजनीतिक दल की स्थापना भाजपा के सहयोगी और शिक्षाविद टी. आर. पारिवेंधर ने की थी। रोज 2012 में आईजेके में शामिल हुईं थीं।
उन्होंने पार्टी में 14 साल तक सेवा की थी। ऐसी अटकलें हैं कि ‘लॉटरी किंग’ की पत्नी एलजेके पार्टी में शामिल हो सकती हैं या उसका समर्थन कर सकती हैं।
रोज, मार्टिन ग्रुप ऑफ कंपनीज की निदेशक हैं, जो लॉटरी, रियल एस्टेट और अन्य क्षेत्रों में फैला हुआ है।
पार्टी नेतृत्व द्वारा उनके काम और योगदान को मान्यता नहीं दिए जाने पर उन्होंने आईजेके से इस्तीफा देने का फैसला लिया। रोज ने एक बयान में कहा कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से जवाब के लिए आठ महीने इंतजार किया लेकिन उन्हें कोई औपचारिक सूचना नहीं मिली।