लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की

0
sdfgt543wq

ढाका,  लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बीएनपी नेता तारिक अनवर के मंगलवार को बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने के कुछ देर बाद उनसे मुलाकात की। इस दौरान, उन्होंने अनवर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बधाई पत्र सौंपा।

बिरला ने विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ ‘जातीय संसद’ के दक्षिण प्लाजा के खुले मैदान में बांग्लादेश के शीर्ष नेताओं और सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

रहमान के प्रेस सचिव सालेह शिबली ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “जातीय संसद भवन में शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद बिरला ने नये प्रधानमंत्री से मुलाकात की।” उन्होंने बताया कि बिरला ने रहमान को प्रधानमंत्री मोदी का बधाई पत्र सौंपा।

शिबली के मुताबिक, दोनों नेताओं में लगभग 20 मिनट तक बातचीत हुई और इस दौरान बिरला ने रहमान का अभिवादन किया और उम्मीद जताई कि उनकी सरकार के तहत भारत-बांग्लादेश संबंध और मजबूत होंगे।

भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बिरला और रहमान ने दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए मिलकर काम करने और सहयोग के जन-केंद्रित एजेंडे को आगे बढ़ाने की उम्मीद जतायी।

ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग ने प्रधानमंत्री मोदी के उस पत्र का पाठ जारी किया, जिसमें उन्होंने रहमान से कहा कि उनकी जीत “बांग्लादेश की जनता द्वारा उनके नेतृत्व में जताए गए विश्वास का प्रमाण है और देश को शांति, स्थिरता एवं समृद्धि के पथ पर आगे ले जाने के उनके दृष्टिकोण के लिए दिए गए जनादेश का प्रमाण है।”

पत्र में कहा गया है, “मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, क्षेत्रीय सहयोग को बढ़ावा देने और कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, संस्कृति एवं लोगों के आदान-प्रदान जैसे व्यापक क्षेत्रों में हमारे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं।”

पत्र में मोदी ने रहमान को उनकी पत्नी जुबैदा रहमान और बेटी जैमा के साथ भारत आने का न्योता भी दिया। उन्होंने बांग्लादेश में पिछले हफ्ते चुनाव परिणामों की घोषणा के तुरंत बाद रहमान को जीत की बधाई दी थी।

रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में बिरला की भागीदारी ऐसे समय में हुई है, जब ढाका और नयी दिल्ली मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार के दौरान द्विपक्षीय संबंधों में आए तनाव को दूर करने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *