अहमदाबाद, 27 फरवरी (भाषा) कैगिसो रबाडा टी20 विश्व कप में अभी तक वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जैसा वह चाहते थे लेकिन दक्षिण अफ्रीका का जीत का सिलसिला जारी है और इसलिए यह तेज गेंदबाज बड़े लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने से संतुष्ट है।
दक्षिण अफ्रीका की गुरुवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ नौ विकेट से जीत के बाद रबाडा ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत नहीं टीम का प्रदर्शन महत्व रखता है। रबाडा ने अब तक टूर्नामेंट में केवल चार विकेट लिए हैं। वह न्यूजीलैंड, यूएई और भारत के खिलाफ विकेट लेने में नाकाम रहे थे।
उन्होंने सुझाव दिया कि जब तक टीम अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी तब तक व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात नहीं की जा सकती है। ऐसी बात बाद में की जा सकती है। रबाडा को क्षेत्ररक्षकों से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला है। अब तक उनकी गेंदबाजी पर चार कैच छूट चुके हैं।
इस बारे में पूछे जाने पर रबाडा ने कहा, ‘‘यही क्रिकेट का खेल है। कई बार चीजें आपके पक्ष में होती है और कई बार नहीं। दुर्भाग्य से अभी ऐसा नहीं हो रहा है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम जीत रहे हैं।’’
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच अभी तक शानदार संतुलन देखने को मिला है और उन्होंने बहुत अच्छी तरह से तालमेल बिठाया है। उसके सभी खिलाड़ियों नेअपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। अगर डेविड मिलर ने एक मैच में टीम को जीत दिलाई तो कप्तान एडन मार्क्रम ने दूसरे मैच में यही कमाल किया। गेंदबाजों ने भी जरूरत पड़ने पर बेहतरीन प्रदर्शन किया है, चाहे वो मार्को यानसन हों या लुंगी एनगिडी।
रबाडा ने कहा, ‘‘यह अच्छा संकेत है। हमारी टीम में काफी अनुभवी खिलाड़ी हैं। साथ ही कई युवा खिलाड़ी भी हैं। अगर आप सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखें, तो उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन से आत्मविश्वास मिलता है और यही आत्मविश्वास मैचों में भी दिख रहा है।’’
उन्होंने इस सफलता का श्रेय घरेलू टूर्नामेंट एसए20 को भी दिया जिसमें विश्व कप से पहले कई प्रमुख खिलाड़ियों ने अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म हासिल की।
रबाडा ने कहा, ‘‘यह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने और यह उम्मीद बनाए रखने से जुड़ा है कि चीजें हमारे पक्ष में हो जाएंगी।
रबाडा ने अपने लंबे समय से नए गेंद के अपने साथी लुंगी एनगिडी की प्रशंसा भी की जिन्होंने टूर्नामेंट में अभी तक शानदार प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं लुंगी के लिए बहुत खुश हूं। पिछले दो से पांच वर्षों में उनके प्रदर्शन पर काफी करीबी नजर रखी गई थी। जब आप अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हैं तो हर कोई आपकी प्रशंसा करता है लेकिन जब आप अच्छा नहीं खेल रहे हो तो हर कोई आप पर सवाल उठाता है। वह मेरा बहुत अच्छा दोस्त है।’’
उन्होंने कॉर्बिन बॉश के बारे में भी बात की और इन खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय सावधानीपूर्वक की गई कड़ी मेहनत और तैयारी को दिया। रबाडा ने इसके साथ ही कहा कि दक्षिण अफ्रीका के आक्रमण में विविधता है जो टीम की सफलता में अहम भूमिका निभा रहा है।
रबाडा अफगानिस्तान के खिलाफ दो सुपर ओवर तक चले मैच में अपनी गलती को लेकर अब भी सिहर उठते हैं। उनकी नोबॉल की वजह से ही मैच दो सुपर ओवर तक खिंच गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘सकारात्मक पक्ष यह है कि मैंने मैच को दिलचस्प बना दिया, लेकिन अगर हम वह मैच हार जाते तो मुझे बहुत बुरा लगता।’’
